आप पीजीआईएमएस की वेबसाइट खोलें और आपकाे पता चले कि तीन साल पहले रिटायर हो चुके डॉ. नित्यानंद आज भी मेडिसन विभाग में ओपीडी लगा रहे हैं। ताे हैरान नहीं हाेइए। आप जनरल ओपीडी के लिए भी पीजीआई जाना चाहते हैं तो वेबसाइट से आप गच्चा खा सकते हैं। दरअसल पीजीआईएमएस की वेबसाइट बीते 4 साल से अपडेट नहीं की गई है। इसके चलते वेबसाइट पर अब भी पुरानी जानकारी ही नजर आती है। अपडेट न होने से अब भी वेबसाइट पर हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में अभी भी डॉ. जिले सिंह का नाम दर्शाया गया है। इसी तरह नेत्र रोग विभाग के डॉ. चांद सिंह ढुल रिटायर होने के बाद भी कमरा नंबर 20 में ओपीडी की सेवाओं में दर्शाए गए हैं। उनकी ओपीडी का समय भी मंगल, बुध और शुक्र दर्शा दिया गया है।
वेबसाइट अपडेट जरूरी: जन स्वास्थ्य अभियान में स्टेट कोर कमेटी के सदस्य एवं सर्जन डॉ. आरएस दहिया का कहना है कि काेराेना काल में लाेगाें काे ओपीडी की सूचनाएं ऑनलाइन वेबसाइट पर मिलनी चाहिए। वेबसाइट अपडेट जरूरी है।
बदला है तो बस डायरेक्टर का फोटो व संदेश: पीजीआई ने बेशक चार साल से वेबसाइट अपडेट नहीं की लेकिन कुछ चीजों में वो बदलाव जरूर कर पाया है। कुछ बदला है तो सिर्फ डायरेक्टर का फोटाे व संदेश के अलावा इस पर समय व तारीख। ओपीडी लगाने वाले डॉक्टरों की सूची भी अभी तक पुरानी ही चल रही है। चार साल से ओपीडी का समय भी कई बार बदल चुका है। चार साल में काफी डॉक्टर भी रिटायर हो चुके हैं, लेकिन पीजीअाईएमएस की इस वेबसाइट पर रिटायर डॉक्टर ही ओपीडी देते हुए नजर आते हैं।
पीजीआई की ओपीडी में अब भी भीड़, टूट रही सोशल डिस्टेंसिंग: पीजीआईएमएस में मरीजों की आमद तेजी से बढ़ रही है। इस दाैरान मरीजों की कतारें कार्ड बनवाने के काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कमरे तक बढ़ रही है। हालांकि कोरोना बीमारी अभी गई नहीं है, फिर भी लोग इस बात को समझ नहीं रहे और सोशल डिस्टेंसिंग भी टूट रही है। यहां पर कुछ मरीजाें के बैठने के लिए कुर्सियां भी टूट गई है। मरीजाें काे खड़े होने में परेशानी पर उन्हें जमीन पर ही लेटना पड़ता है।
वेबसाइट में कोई कमी है तो सुधार करेंगे: एमएस
पीजीआईएमएस की सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी शुरू होने के बाद मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों के साथ ज्यादा अटेंडेंट आने की वजह से ओपीडी में भीड़ हो रही है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैठक करके प्लानिंग बनाई जाएगी। पीजीआई की वेबसाइट अपडेट है। कोई कमी है तो उसे चेक कराकर सुधार कर लिया जाएगा।- डाॅ. पुष्पा दहिया, एमएस, पीजीआईएमएस।
