इंदौर : सिंरोज विदिशा के मूल निवासी और इंदौर के न्यू गोविंद नगर में रहने वाले पति व पत्नी गुरुवार रात फांसी पर झूल गए। आत्महत्या करने से पहले दोनों ने अपना सुसाइड नोट वाट्सएप के एक ग्रुप पर पोस्ट किया। हालांकि पुलिस उनके आत्महत्या करने के करीब घंटेभर बाद मौके पर पहुंची।
घटना इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के गोविन्द नगर की है यहां रहने वाले नव दंपत्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने के पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा जिसमें ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। 25 वर्षीय जगमोहन माली और 22 वर्षीय नंदिनी माली ने गुरुवार रात फांसी लगा ली। पुलिस के अनुसार शाम को दोनों ने अपना सुसाइड नोट सिंरोज के दोस्तों के वाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट किया। उसमें किसी कुशवाह नामक व्यक्ति द्वारा प्रताड़ित करने की बात लिखी। ग्रुप में जुड़े सिंरोज के दोस्तों ने उन्हें काफी देर तक फोन लगाए। जब फोन नहीं उठे तो पुलिस को खबर दी।

देर रात पुलिस उनके घर पहुंची। युवक फांसी के फंदे पर लटका था। जबकि नंदिनी का फंदा टूट चुका था। वह जमीन पर गिरी पड़ी थी। पुलिस के पहुंचने के पहले उसकी मौत हो चुकी थी। बाणगंगा पुलिस ने सुसाइड नोट में लिखे व्यक्ति का पूरा नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया। दोनों पति पत्नी विदिशा के रहने वाले हैं और उन्होंने तीन महीने पहले ही शादी की थी। फिलहाल बाणगंगा पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
