इंडियन नेशनल लोकदल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला आज जेल से रिहा हो गए हैं। जेबीटी भर्ती घोटाले में 10 साल की सजा काटने के बाद ओम प्रकाश चौटाला की जेल से रिहाई हरियाणा की राजनीति पर काफी असर डाल सकती है। खासकर जाट राजनीति इससे प्रभावित होगी। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि ओपी चौटाला के सक्रिय होने से कांग्रेस को नुकसान हो सकता है। क्योंकि अभी उसके नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा जाटों के सबसे बड़े नेता माने जाते हैं। भाजपा का मानना है कि इससे जाट राजनीति दो हिस्सों में बंट सकती है और राजनीतिक रूप से उसे लाभ मिल सकता है
हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में चौटाला की रिहाई से सभी दल प्रभावित होंगे। इसका एक बड़ा लाभ भाजपा को मिल सकता है। भाजपा की जाट राजनीति कमजोर पड़ रही है और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इसका लाभ मिल रहा है। अब चौटाला के आने से जाट राजनीति चौटाला और हुड्डा के बीच बंट सकती है। ऐसे में भाजपा को गैर जाट राजनीति से खुद को मजबूत करने का मौका मिल सकता है। हालांकि ओम प्रकाश चौटाला के पोते और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला पहले से ही भाजपा के साथ हैं। ऐसे में कम ही सही, लेकिन जाटों के एक समूह का समर्थन उसे हासिल होता रहेगा।
हरियाणा में हालांकि अभी चुनाव काफी दूर है, लेकिन राज्य में राजनीतिक स्थिरता डगमगाती रहती है। भाजपा की मनोहर लाल खट्टर सरकार जजपा के समर्थन पर टिकी है। किसान आंदोलन के चलते भाजपा व जजपा के बीच तनाव बढ़ा था। भाजपा के भीतर भी उथल पुथल चलती रहती है। गौरतलब है कि ओम प्रकाश चौटाला के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद ही भाजपा को राज्य में अपनी जड़ें जमाने का मौका मिला है।
हालांकि चौटाला की अब काफी उम्र हो गई है और उनका परिवार भी दो राजनीतिक दलों में बट गया है, लेकिन भाजपा चौटाला को कम नहीं आंक रही है और पूरी तरह सतर्क है। बता दें कि जेबीटी (जूनियर बेसिक ट्रेनिंग) भर्ती घोटाले में दस साल की सजा काट चुके हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला शुक्रवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। चौटाला फिलहाल पैरोल पर बाहर थे और आज औपचारिक तौर पर उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया है।
बता दें कि वर्ष 2000 में गैर कानूनी तरीके से 3,206 जूनियर बेसिक शिक्षकों की भर्ती के मामले में अदालत ने ओम प्रकाश चौटाला, उनके बेटे अजय चौटाला और आईएएस अधिकारी संजीव कुमार सहित 53 अन्य को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी।
