फरीदाबाद : खोरी गांव में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट काटकर लाखों करोड़ों रुपये की काली कमाई करने वाले भूमाफिया अब अपने ही बुने जाल में फंस गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के खोरी में तोड़फोड़ के आए आदेश के बाद हरकत में आई पुलिस ने जमीन बेचने वाले भूमाफिया पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 15 औ नए मामले दर्ज किए हैं। इससे पहले भी कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस की अलग-अलग टीमें खोरी बस्ती में घर-घर जाकर लोगों से पूछताछ करने में जुटी हैं कि उन्हें किन लोगों ने जमीन बेची।
जीवन भर की कमाई बर्बाद, अब किराए पर रहने को मजबूर
हाथरस के गांव सासुनी के रहने वाले ऋर्षिपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अब उसका सब कुछ बर्बाद हो चुका है। जीवन भर की पूंजी व गांव की जमीन बेचकर दो लाख में यहां जमीन खरीदी और पांच लाख रुपये मकान बनाने में लगा दिए। अमन, कालू और सतीश से यह जमीन खरीदी। नगर निगम उनका दो बार मकान तोड़ चुका है। इसके बाद पता चला कि यह सरकारी जमीन है।
18 लाख गंवा दिए, अब कुछ नहीं बचा
कानपुर के रामपुर की सरवरी ने पुलिस को बताया कि उसके पांच बच्चे हैं। दोनों पति-पत्नी मजदूरी करते हैं। करीब 15 साल पहले राजदीप गुर्जर (डीलर) और अन्नगपाल से 75 गज का एक प्लाट तीन लाख रुपये में खरीदा था। धीरे-धीरे मकान बनाने में 15 लाख रुपये खर्च किए। गत वर्ष तोड़फोड़ के दौरान पता चला कि यह सरकारी जमीन है। जमीन बेचते वक्त लोगों ने उनसे यह बात छुपाई और धोखाधड़ी से सरकारी जमीन को हमें बेच दी। अब मकान भी नहीं और पैसा भी बर्बाद हो गया।
साहब, पैसा और जमीन वापस दिला दो
मेहनत मजदूरी करके पेट पालने वाली कुसुम मूल रूप से अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के गांव भुडग नंगला की रहने वाली है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 15 साल उसने राजदीप गुर्जर ( डीलर) और अन्नगपाल से 60 गज का प्लाट डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था। 8 लाख रुपये मकान बनाने में खर्च कर दिए। तोड़फोड के दौरान पता चला कि यह सरकारी जमीन है। यह बात उनसे छुपाई। यह उनके साथ नाइंसाफी हुई है। साहब, पैसा और जमीन वापस दिला दो।
