फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] आम आदमी को अगर कहीं जाना हो तो सबसे पहले ऑटो से सफर करना पड़ता है। लेकिन अब ऑटो में सफर करना भी आम आदमी की मुश्किलें बढ़ाने लगा है। कोरोना महामारी के रफ्तार कम होने के बाद ऑटो रिक्शा चालकों ने अपने किराए में बढ़ोतरी कर दी हैं। इससे दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों को बल्लभगढ़ से फरीदाबाद आने-जाने के लिए दोगुना किराया देना पड़ रहा है। वहीं, ऑटो चालक भी किराया बढ़ाना अपनी मजबूरी बता रहे हैं।
ऑटो रिक्शा से सर्वाधिक लोगों की आवाजाही रहती है। लेकिन चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। बल्लभगढ़ से सेक्टर-8 ईएसआई, सर्वोदय अस्पताल और ओल्ड फरीदाबाद जाने के लिए जहां पहले दस रुपये लगते थे, वहीं अब 20 से 30 रुपये कर दिया गया है। साथ ही बाटा चौक तक यही किराया लिया जा रहा है। वहीं, जिले के अंदर कहीं भी जाने के लिए दो गुना किराया देना पड़ रहा हैं।
लॉकडाउन में ऑटो में प्रशासन ने दो सवारियां बैठाने की अनुमित दी थी। चालकों को काफी नुकसान हुआ था। उसी समय यूनियन की ओर से किराया बढ़ाने का फैसला लिया गया था। केवल लंबे रूट वाले यात्रियों से पहले से अधिक किराया लिया जा रहा हैं। बाकी यात्रियों से वही किराया लिया जा रहा है। – वासुदेव अहरिया, हरियाणा ऑटो यूनियन प्रधान
