हरियाणा में छोटी खेती के किसानों के लिए खुशखबरी है। दरअसल अब तक बिजली कनेक्शन लेने के लिए किसान के पास कम से कम दो एकड़ जमीन का होना आवश्यक था। लेकिन बिजली निगम ने यह शर्त हटा दी है। इससे अब दो एकड़ से कम जमीन वाले किसान भी बिजली कनेक्शन ले सकेंगे। जिससे प्रदेश भर में काफी किसानों को फायदा होगा। जींद शहर व आसपास के गांवों के काफी संख्या में सब्जी उत्पादक किसान हैं, जिनके पास दो एकड़ से कम जमीन है। यह किसान बिजली कनेक्शन नहीं ले पा रहे थे। लेकिन इस शर्त के हटने के बाद ये किसान ट्यूबवेल कनेक्शन ले सकेंगे।
बिजली निगम की तरफ से स्पष्ट कर दिया गया है कि अगर परिवार के सदस्य की मौत हो जाती है, तो उसकी जगह पर परिवार के दूसरे सदस्य के नाम बिजली निगम कनेक्शन जारी किया जाएगा। आपको बता दें कि अब तक ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किए हुए किसान की किसी कारणवश उसकी मौत हो जाती है, तो परिवार में किसी दूसरे सदस्य के नाम कनेक्शन देने को लेकर गाइडलाइन स्पष्ट नहीं थी। बिजली निगम जींद सर्कल अधीक्षक अभियंता श्यामबीर सैनी ने बताया कि ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए न्यूनतम दो एकड़ की शर्त को बिजली निगम ने हटा दिया है। अब कोई भी किसान जिसके नाम कितनी भी कृषि योग्य भूमि है, वह कनेक्शन ले सकता है। वहीं अगर किसी परिवार के सदस्य जिसने ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया हुआ था, उसकी मौत हो जाती है, तो उसकी जगह परिवार के दूसरे सदस्य के नाम से ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किया जा सकता है।
