दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी से शहरवासियों को राहत नहीं मिल रही है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्यियस रेकॉर्ड किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था। वहीं,गुरुवार को इस महीने में चौथे दिन लू चली।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने अनुमान जताया था कि शुक्रवार को गरज के साथ बारिश हो सकती है,लेकिन गुरुवार रात दस बजे के आसपास ही राजधानी के कुछ इलाकों में बारिश ने अपना असर दिखा दिया और झमाझम बारिश शुरू हो गई। वहीं,देश के मध्य हिस्से व पश्चिमोत्तर हिस्से को अब भी बारिश का इंतजार ही करना पड़ रहा है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।आइएमडी के मुताबिक, शहर में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में एक जुलाई को पारा 43.1 डिग्री सेल्सियस, दो जुलाई को 41.3 डिग्री सेल्सियस और सात जुलाई को 42.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया था।बता दें कि मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी की घोषणा तब की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। आर्द्रता का स्तर 40 फीसद दर्ज किया गया।इसी के साथ ही आइएमडी का कहना था कि अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम पारा 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम छह बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 161 था। एक्यूआइ को शून्य और 50 के बीच अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब और 401 और 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
