बढ़ते अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एक सूचना पर पुलिस का इमरजेंसी रिस्पोंस मिलेगा। इसके लिए नागरिक 100 नंबर के अलावा अब डायल 112 भी कर सकेंगे, जोकि जल्द लाॅन्च होगा। इसको लेकर प्रदेश के सभी जिलों में उपकरणों से लैस गाड़ियां उपलब्ध हो चुकी हैं। हिसार को 19 और हांसी को 9 गाड़ियां मिली हैं। इन पर एक ईएएसआई के नेतृत्व में 3 से 4 कर्मियों का स्टाफ नियुक्त किया है। सूचना मिलने के महज 15 मिनट के भीतर पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर रिस्पोंस देगी। 24 घंटे गाड़ियाें की सुविधा मिलेगी। बता दें कि सफल ट्रायल रहने के बाद ही डायल 112 प्रोजेक्ट को लाॅन्च किया जाएगा। इन गाड़ियाें पर तैनात ड्राइवर्स को पंचकूला पुलिस लाइन में बुलाकर पुनः प्रशिक्षण दिया है। इसके बाद 11 जुलाई को गाड़ियाें पर तैनात अन्य स्पोर्टिंग स्टाफ को बुलाने के दिशा-निर्देश जारी हुए हैं। इससे पूर्व सभी जिलों के डीएसपी को भी प्रशिक्षण दिया है।
जानिए… कैसे काम करेगा डायल 112
- जिस तरह नागरिक 100 नंबर पर कॉल करते हैं वैसे ही डायल 112 करना है। दोनों ही नंबरों पर पुलिस की मदद मिलेगी। प्रशासन का दावा है कि 112 डायल करने व सूचना देने के महज 15 मिनट के भीतर पुलिस घटना स्थल या पीड़ित के पास पहुंचेगी।
- 112 डायल करने पर कॉल सीधा पंचकूला मुख्यालय में कनेक्ट होगी, वहां से लोकेशन ट्रेस करके घटना स्थल या पीड़ित के नजदीक उपस्थित डायल 112 गाड़ी के स्टाफ को सूचित किया जाएगा। पुलिस इमरजेंसी रिस्पोंस के तहत तुरंत मूव करेगी।
- डायल 112 सोशल मीडिया से भी कनेक्ट रहेगा। यूजर्स होमपेज में जाकर शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे। महिलाओं व छात्राओं को दुर्गा शक्ति के अलावा डायल 112 का पूरा सहयोग मिलेगा। {सभी गाड़ियां जीपीएस लैस होंगी। मूवमेंट पर मुख्यालय की नजर रहेगी।
