फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] शहर में एक वर्ष के दौरान हुईं सड़क दुर्घटनाओं की रिपोर्ट का पुलिस ने अध्ययन किया। इसमें हादसे के लिए जो कारण सामने आए उनमें नीलम चौक/न्यू इंडस्ट्रियल टाउनशिप में दुर्घटना का मुख्य कारण विपरीत दिशा में वाहन चलाना, लखानी मेट्रो स्टेशन पर ऑटो के कारण व पानी इकट्ठा होना, बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन के पास रेड लाइट का न होना, थाना सराय के पास पानी का भराव होना, सीएचसी तिगांव में सड़क खराब होना तथा ट्रैफिक व्यवस्था आदि हैं। अब इन दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा शहर में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है जहां सबसे अधिक रोड एक्सीडेंट होते हैं। इन स्थानों पर दुर्घटनाओं का समय तथा कारण की जानकारी एकत्र की गई। इसके अनुसार भविष्य में इन दुर्घटनाओं पर कमी लाई जा सके इसके लिए रोड मैप तैयार किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने चिन्हित स्थानों को लेकर संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि उक्त कारणों से सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इसलिए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिस समय दुर्घटना ज्यादा होती हैं उस दौरान सड़क पर बैरिकेड्स लगाकर, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ कर, यातायात पुलिसकर्मी को उचित स्थान पर तैनात कर, पीडब्ल्यूडी से संपर्क स्थापित कर इन दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। पुलिस कमिश्नर ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को हर माह इसकी रिपोर्ट बनाकर उनके कार्यालय में भिजवाने के निर्देश दिए। जिससे इनका रिकॉर्ड तैयार कर भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं से बचने के उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
