सहारनपुर के बेहट की बरसाती नदी उफान पर है। मां शाकम्भरी देवी मंदिर के दर्शन को ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा रहे 12 श्रद्धालु बाढ़ में फंस गए। बाढ़ के पानी से निकलने के लिए वे घंटों मशक्कत करते रहे। आस-पास के लोगों ने देखा तो वे भी उनकी मदद के लिए आगे आए। तब जाकर बड़ी मुश्किल से श्रद्धालुओं को मझधार से निकाला जा सका। गौर करने की बात ये कि प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। काफी देर बाद बेहट पुलिस को सूचना मिली। जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
आज सुबह करीब पांच बजे पहाड़ पर हुई बारिश
जानकारी के मुताबिक सोमवार को सुबह करीब पांच बजे पहाड़ पर बारिश शुरू हुई। पहाड़ के अलावा मैदानी इलाकों में भी हल्की बरसात हुई। बारिश के पानी से इलाके की बरसाती नदियां लबालब हो गई। बाढ़ का पानी बेहट- शाकंभरी देवी व मिर्जापुर – सुंदरपुर मार्ग पर जमा हो गया। जिसकी वजह से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया।
भक्त नहीं कर माता के दर्शन
सड़कों के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारे लग गई। नदी का पानी सड़क पर आ गया। उधर नदी में पानी का बहाव तेज होने पर पर श्रद्धालु आदि शक्ति मां शाकंभरी देवी के दर्शन नहीं कर पाए। जो श्रद्धालु रविवार की रात सिद्धपीठ में रुके थे, वह वहीं पर फंस रह गए। जबकि जो भक्त सोमवार को सुबह माता दर्शन के लिए गए थे। उन्हें बाबा भूरादेव मंदिर पर खड़े होकर पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा।
