
सिरसा : आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन ने सोमवार को मांगों को लेकर लघु सचिवालय के समक्ष धरना दिया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान कृष्णा देवी ने की। आंगनबाड़ी वर्करों ने विभाग द्वारा पोषण ट्रैक एप से काम करने से पहले स्मार्ट फोन व ट्रेनिग दिए जाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने मानदेय बढ़ाने की बात कही। जिला उपप्रधान सरला देवी, वीरो देवी व अन्यों ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर्स यूनियन द्वारा लंबित मांगों को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग उन्हें पोषण ट्रैक एप डाउनलोड करने का दबाव बना रहा है। जबकि गांवों में नेटवर्क भी नहीं होता। आनलाइन काम के लिए विभाग कर्मचारियों को पांच सौ रुपये रिचार्ज के लिए दे तथा प्रशिक्षण दिलवाए। आंगनबाड़ी वर्करों व हेल्परों को हर महीने की सात तारीख को मानदेय दिया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया छह महीने से लेकर दो साल तक का बकाया है, उसे तुरंत जारी किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया बढ़ाया जाए। राशन की सप्लाई समय पर व मैन्यू के हिसाब से हो। आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर को रिटायरमेंट का लाभ दिया जाए। उन्हें सुपरवाइजर प्रमोशन लागू की जाए और आंगनबाड़ी केंद्रों पर पानी कैंपर, पंखे, झाडू, अलमारी इत्यादि सामान उपलब्ध करवाएं। वर्कर व हेल्पर का समायोजन लागू किया जाए। 2018 में प्रधानमंत्री द्वारा वर्करों के मानदेय में 1500 रुपये व हेल्पर्स के मानदेय में 750 रुये बढ़ोतरी की घोषणा की गई परंतु अभी तक हरियाणा में लागू नहीं हुई। प्रधान कृष्णा देवी ने बताया कि जिले में 1377 आंगनबाड़ी केंद्रों में 2740 आंगनबाड़ी वर्कर है। जिन्हें समय पर मानदेय भी नहीं मिलता।
