हिसार : देश में बाल विवाह कानूनन अपराध है और इस बात से सभी लोग वाकिफ भी हैं. लेकिन इसके बावजूद 21वीं सदी में भी कुछ लोग अपने नाबालिग बच्चों का विवाह करने से बाज नहीं आ रहे हैं. हरियाणा के हिसार जिले में दो दिनों में तीन नाबालिग बेटियों की शादी प्रशासन ने रुकवाई है. इन नाबालिग लड़कियों की शादी गुपचुप तरीके से परिजन कर रहे थे.
बारात आती, इससे पहले ही लोगों ने जिला महिला एंव बाल संरक्षण अधिकारी बबीता चौधरी की टीम को सूचित कर दिया. लोगों की सूचना पर टीम ने पुलिस के साथ छापा मारा तो हकीकत देखकर हैरान रह गए. ताजा मामला बधावड़ गांव से जुड़ा हुआ है. यहां एक 17 वर्षीय बेटी को भुन्ना के समीप एक गांव के शख्स के साथ ब्याहा जा रहा था
पुलिस की टीम पहुंची
बारात आती, इससे पहले ही जिला महिला एंव बाल संरक्षण अधिकारी बबीता चौधर,सहायक सचिन मेहता व बरवाला पुलिस के साथ पहुंच गईं. यहां बयान लेकर शादी को रुकवाया गया. इसके साथ ही परिवार की काउंसलिंग भी की गई. वहीं, एक दिन पहले लुदास गांव में दो नाबालिग बेटियों को ब्याहने की तैयारी चल रही थी, जिसमें एक 15 वर्ष की और दूसरी 17 वर्ष की उम्र की बेटियां थी. दूसरी बेटी की शादी 20 जुलाई को जींद में होनी थी. यह बारात आनी थी, इससे पहले ही शादी को रुकवा दिया गया. वहीं, छोटी बेटी की शादी चंडीगढ़ तय की गई और गोद भी भर दी गई थी. विभाग की टीम ने दोनों शादी रुकवा कर दोबारा से निरीक्षण करने की बात कही है.
