नसीरपुर गांव के एक विकलांग युवक अनिल ने 14 जुलाई को अपने कमरे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने एक वीडियो व ऑडियो समेत सुसाइड नोट भी लिखा है। परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद जब मृतक का मोबाइल खोला तो उनके होश उड़ गए। मृतक अनिल ने बिंदरौली निवासी मंजीत व उसकी एक महिला दोस्त पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। राई थाना पुलिस ने मृतक अनिल के भाई कपिल के बयान पर मंजीत बिंदरौली व उसकी महिला दोस्त के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजदूर करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी मंजीत बिंदरौली व उसकी महिला दोस्त की पहचान का प्रयास कर रही है। पुलिस ने विडियो व ऑडियो क्लिप कब्जे में ली है। नसीरपुर बांगर निवासी कपिल ने राई थाना की जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय चौकी पुलिस को बताया कि वह डीटीसी में चालक है। वह गुरुवार को ड्यूटी पर था। इस दौरान उसे सूचना मिली कि उसके भाई अनिल (37) ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिवार ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी और शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार करने के बाद उसने अपने भाई अनिल का मोबाइल चेक किया। जिसमें उसे एक वीडियो व ऑडियो मिला। मृतक अनिल की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। बुधवार को मंजीत उनके घर आया था। वह अनिल को अपने साथ लेकर गया था। शाम को अनिल घर आ गया था। वह परेशान था। रात को अपने कमरे में चला गया। उसने रात को करीब 11 बजे अपनी पत्नी को मां के पास सोने के लिए भेज दिया था। जब उसकी पत्नी सुबह कमरे में गई तो अनिल का शव फांसी पर लटक रहा था।
सुसाइड से पहले बनाया गया वीडियो संस्कार के बाद मिला
हैलो भई मैं एक बात कहना चाहूं सूं मेरे तै एक बहुत बड़ी गलती होगी और करवा दी बिंदरौली के मंजीत नै। बस मनै माफ कर दिए और मेरे तै जिसकी गैल्या करवाया सै, वो तो मंजीत ने बेरा सै कुण सै वा। बस इब मैं इस कमरे से बाहर लीकड़ कै किसी तै शक्ल नहीं दिखा सकता। परिवार नै और अपने आप ने संभालिए। बस मेरी जिंदगी याड़ै तई थी। इसतै आगै मेरी जिंदगी है कौना।
ऑडियो में यह बोला- हैलो। रामबीर यार मंजीत बिंदरौली आलै न मेरे को बहुत बड़ा धोखा दे दिया। उसने अपनी फ्रेंड गैला मिलकर मेरे को इतना बड़ा धोखा दे दिया कि मैं उसने मरनै तई मजबूर कर दिया। अर मेरी मौत के मंजीत बिंदरौलिया और उसकी वा फ्रेंड दोनों जिम्मेदार हैं। उनके सिवा मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है।
