हरियाणा के हिसार जिले में कोरोना महामारी के कारण बकरीद पर सामूहिक नमाज अता करने का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। तोशाम रोड स्थित मदीना मस्जिद के इमाम मौलाना जमशेद इमाम ने लोगों से घरों में रहकर ही नमाज अता करने की अपील की थी। इमाम ने सुबह मस्जिद में नमाज अता की और वहां पर आए हुए लोगों को कहा कि आप सभी अपने समाज के मिलने वाले साथियों को कहें कि वह अपने घर पर ही नमाज अदा करें। क्योंकि कोरोना महामारी के कारण ज्यादा भीड़ इकट्ठी नहीं करनी है। नमाज अता करते वक्त इमाम ने अल्लाह से कोरोना से देश व प्रदेश के लोगों को बचाने की दुआ की। कोरोना से पहले तक बकरीद के मौके पर पूरे जिले के मुस्लिम समाज के लोग क्रांतिमान पार्क में जमा होकर सामूहिक नमाज अता करते रहे हैं, जो गत दो साल से बंद है।
जिले में कोरोना के 24 सक्रिय केस
सीएमओ डॉ. रत्ना भारती ने बताया कि जिले में अब तक 6 लाख 47 हजार 266 लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 53 हजार 964 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 52 हजार 805 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं, जबकि 24 एक्टिव केस हैं। रिकवरी रेट 97.85 प्रतिशत है और अब तक कुल 1135 लोगों की मौत हो चुकी है।
