
हरियाणा के रोहतक जिले में उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सहारनपुर निवासी इंजीनियर ने बाथरुम में सुसाइड (Engineer Commit Suicide) कर लिया. साथी कर्मचारी ने बाथरुम का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पीजीआइ में पोस्टमार्टम करवाया. तुषार के गले में रुमाल बंधा है, लेकिन शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं है.
बता दें कि सहारनपुर निवासी तुषार मेहता मारुति कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत था. दो साल से वह सेक्टर दो में अपने चार अन्य दोस्तों के साथ रहता था. उसके तीन दोस्त घर गए हुए थे. घटना के समय एक ही युवक मकान पर मौजूद था. जब सुबह नौ बजे तक तुषार बाहर नहीं दिखा तो उसके दोस्त ने ढूंढा. बाथरुम की खिड़की से उसने देखा कि तुषार फर्श पर गिरा हुआ है.
दोस्तों ने पुलिस को दी सूचना
दरवाजें को उसने तोड़ने का प्रयास किया तो उससे नहीं टूटा. उसने अपने दोस्त को फोन कर बुलाया और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर देखा तो वह मृत मिला. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना देकर बुलाया. डीएसपी सज्जन सिंह और अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह मौके पर पहुंचे. सोनीपत से एफएसएल एक्सपर्ट को बुलाया गया. इसके बाद मामले की सूचना सहारनपुर में तुषार के परिजनों को दी गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं स्वजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच करने की बात कही है. उसकी मौत कैसे हुई, यह तो पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा.
