
शराब खरीदने के लिए 50 रुपये नहीं देने पर कथित तौर पर अपने दो दोस्तों को चाकू मारकर घायल करने के आरोपी 17 वर्षीय एक किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया है। चाकू मारकर वह फरार हो गया था। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि जेजे कॉलोनी बिंदापुर के रहने वाले संदीप (19) और ओम (17) पर उसके एक नाबालिग दोस्त ने दो अन्य लड़कों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया। दोनों अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि चाकू के हमले में संदीप घायल हो गया और उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत स्थिर है। उसके दोस्त ओम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 24 जुलाई को हुई जब संदीप और ओम बिंदापुर में अपने नाबालिग दोस्त से मिलने गए। नाबालिग दोस्त ने शराब खरीदने के लिए 50 रुपये मांगे, लेकिन संदीप ने उसे रुपये देने से मना कर दिया। इससे गुस्साए नाबालिग ने चाकू से संदीप और ओम पर हमला कर दिया।
