
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद खोरी कॉलोनी में की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद अन्य विभाग भी अब सक्रिय हो गए हैं। वह भी अपनी कब्जाई जमीन खाली कराने की तैयारी में हैं। एनआईटी में राजा नाहर सिंह फुटबॉल मैदान से सटे खेल विभाग की जगह दाे दशक से हुए अतिक्रमण को अब मुक्त कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मुनादी कराई जा रही है। क्योंकि इस सरकारी जमीन पर ऑटो मैकेनिकों ने कब्जा कर रखा है।
बता दें कि फुटबाल मैदान के निकट खेल विभाग की खाली जगह पड़ी है। यहां झाड़ियां उगी हुई थी। इसकी तरफ किसी का ध्यान नहीं था। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने काफी बड़ी ऑटो मार्केट बनाकर गाड़ियों की मरम्मत करना शुरू कर दिया। अब खेल विभाग ने इस जगह का सही इस्तेमाल करने की कवायद शुरू कर दी। इस पूरे मामले की जानकारी जिला प्रशासन को देने के बाद कब्जा हटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बड़खल के तहसीलदार, नायब तहसीलदार और खेल अधिकारी रमेश वर्मा माैके का निरीक्षण कर चुके हैं। वहां कब्जा जमाए मैकेनिकों से अपनी गाड़ियों को हटाने के लिए कहा गया है। खेल अधिकारी का कहना है कि अगर मैकेनिक अपने वाहन नहीं हटाएंगे तो प्रशासन की मदद से हटवाया जाएगा।
