
पलवल में 67 साल के बुजुर्ग द्वारा 19 साल की लड़की के साथ लव मैरिज करने के मामले में अब पलवल जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया है जिसमें कहा गया है कि दोनों के दिल का मामला है इसमें कोई गड़बड़ नहीं है।दरअसल पलवल के 67 साल के एक शख्स ने 19 साल की लड़की के साथ निकाह किया है। दोनों ने चंडीगढ़ में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जाकर सुरक्षा मांगी थी, जिसके बाद हाईकोर्ट ने दोनों की उम्र को देखते हुए जिला प्रशासन को जांच के आदेश दिये थे।हाईकोर्ट ने इस बेमेल जोड़े पर संदेह व्यक्त करते हुए एसपी पलवल को एक टीम गठित कर मामले की जांच का आदेश दिया था। साथ ही लड़की को सुरक्षा देते हुए मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर बयान दर्ज करवाने का भी आदेश दिया था।


पलवल के एसपी दीपक गहलावत ने हाईकोर्ट में सौंपी रिपोर्ट में बताया कि इस मामले में लड़की पर किसी तरह का दबाव नहीं था। कुल मिलाकर यह मामला दिल का था। हथीन के एसडीएम के सामने लड़की के बयान हुए जिसमें उसने बताया कि उसने अपनी मां की सहमति से यह विवाह किया था।
डीएसपी की अगुवाई वाली टीम ने जांच में पाया कि पुरुष के 7 बच्चे हैं और सभी विवाहित हैं। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। लड़की भी विवाहित है। गत वर्ष उसका विवाह राजस्थान में हुआ था और उसका पति जीवित है। लड़की ने कहा कि उसने तलाक लिए बगैर यह शादी की है। उसका पति किसी और महिला से प्यार करता है और उसे उसके विवाह से कोई आपत्ति नहीं है।हाईकोर्ट में दी गई जानकारी में बताया गया कि पुरुष का जन्म 1953 में हुआ है जबकि लड़की का 2001 में। उसने बताया था कि वह 15 हजार रुपये कमाता है और निकाह के लिए मेहर के रूप में उसने 15 ग्राम सोना दिया है। यदि उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई तो उनके परिजन उन्हें जान से मार देंगे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लड़की की उम्र तकरीबन 19 वर्ष है और वह पहले से शादीशुदा है। वहीं बुजुर्ग व्यक्ति की उम्र करीब 67 साल है, वह पहले से शादीशुदा है और पत्नी की करीब 4 साल पहले मौत हो चुकी है।
दोनों ने हाई कोर्ट में जो आधार कार्ड जमा किए उसमें पुरूष की जन्मतिथि 1 जनवरी 1953 है जबकि लड़की की 10 दिसम्बर 2001 है। हाई कोर्ट में दी जनकारी के अनुसार पुरुष खेती का काम करता है और 15,000 रूपये प्रतिमाह कमाता है। लडकी के परिवार वाले इस निकाह के खिलाफ थे।
