
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने सबकुछ रोक कर रख दिया था। लेकिन अब मामले थम गए हैं। मोहाली जिले में अगर कोविड केसों में इजाफा नहीं हुआ तो उम्मीद लगाई जा रही है कि अगले महीने जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा। जिले में अभी 50 से कम केस एक्टिव हैं। पिछले बीस दिन से कोरोना के 5 से 10 मरीज मिल रहे हैं। राहत की बात यह है कि कोविड के कारण पिछले 20 दिन में कोई मौत जिले में नहीं हुई। वहीं, लोग ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण करवाएं इसलिए इस बार स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम भी कोरोना टीकाकरण को समर्पित होगा।
मोहाली में अब तक 23 फीसद लोगों का टीकाकरण हो चुका है। जबकि जिले में कोविड टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से 91 फीसद लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। टीकाकरण के लिए वैक्सीन की उपलब्धता एक मुद्दा है, लेकिन अक्टूबर तक लक्ष्य को पूरा करने की उम्मीद है। मोहाली की कुल आबादी में से मार्च से अब तक लगभग 1.73 लाख लोगों को पूरी तरह से टीका लगाया जा चुका है, जबकि 6.8 लाख लोगों को पहली डोज लग चुकी है।
कोविन और कोवा एप पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मोहाली में 8.44 लाख लोगों ने वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया। जिन में 4.85 लाख लोग 18-45 आयु वर्ग, 1.77 लोग इसके बाद 45-60 आयु वर्ग और 1.3 लाख सीनियर सिटीजंस हैं। टीकाकरण अभियान जनवरी में शुरू किया गया था, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया था। सीनियर सिटीजंस और 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए अभियान का दूसरा चरण एक मार्च को शुरू हुआ था। वहीं, 23 मार्च को 45 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों के लिए और 18-45 आयुवर्ग के लिए टीकाकरण का तीसरा चरण एक मई से शुरू हुआ था। टीकाकरण करवा चुकी कुल आबादी में से 4.75 लाख पुरुष और 3.18 लाख महिलाएं शामिल हैं। मोहाली में 61 सरकारी स्थलों और सात निजी वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
मोहाली में टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ. विक्रांत नागरा ने बताया कि गांवों में भी कैंप लगा रहे हैं, लेकिन शहरी इलाकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। जिले में कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों टीके लगाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जहां कोविशील्ड की दूसरी खुराक 84 दिनों के बाद ही दी जा रही है, वहीं कोवैक्सीन की दूसरी खुराक 28 दिनों के बाद लगाई जा रही है। अब तक 6.5 लाख को कोविशील्ड और लगभग 1.30 लाख कोवैक्सिन की डोज लगाई जा चुकी है।
