
India Independence Day 2021 LIVE: आज पूरा देश स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है और आजादी के जश्न में डूबा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। अब देश को संबोधित कर रहे हैं। आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि लाल किले पर पहली बार पुष्प वर्षा होगी। साथ ही साथ देश आजादी के 75वीं वर्षगांठ को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तौर पर मना रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आजादी का 75वां वर्ष मनाने के लिए मार्च 2021 में गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ शुरू किया था, जो 15 अगस्त, 2023 तक जारी रहेगा। राजधानी दिल्ली के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर फूल चढ़ाया और बापू को नमन किया। इसके बाद वह लाल किला पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वागत किया। पीएम मोदी ने तिरंगा फहराया। अब से उनका संबोधन हो रहा है।। इस मौके पर टोक्यो ओलंपिक में शामिल हुए खिलाड़ी भी हैं। तो चलिए जानते हैं जश्न-ए-आजादी के हर अपडेट।
अब हमें सैचुरेशन की तरफ जाना है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि अब हमें सैचुरेशन की तरफ जाना है। शत प्रतिशत गांवों में सड़कें हों, शत प्रतिशत परिवारों के पास बैंक अकाउंट हो, शत प्रतिशत लाभार्थियों के पास आयुष्मान भारत का कार्ड हो, शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों के पास उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन हो।
पीएम मोदी ने दिया नया मंत्र- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास, इसी श्रद्धा के साथ हम सब जुटे हुए हैं। आज लाल किले से मैं आह्वान कर रहा हूं- सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास हमारे हर लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
अगले 25 वर्ष की यात्रा नए भारत के सृजन का अमृतकाल है- मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रगति पथ पर बढ़ रहे हमारे देश के सामने, पूरी मानवजाति के सामने कोरोना का यह कालखंड बड़ी चुनौती के रूप में आया है। भारतवासियों ने संयम और धैर्य के साथ इस लड़ाई को लड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि हर देश की विकासयात्रा में एक समय ऐसा आता है, जब वो देश खुद को नए सिरे से परिभाषित करता है, खुद को नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ाता है। भारत की विकास यात्रा में भी आज वो समय आ गया है। यहां से शुरू होकर अगले 25 वर्ष की यात्रा नए भारत के सृजन का अमृतकाल है। इस अमृतकाल में हमारे संकल्पों की सिद्धि, हमें आजादी के 100 वर्ष तक ले जाएगी।
