
देश आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आजादी के जश्न को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। यह उत्साह ओर दोगुना इसलिए हो गया क्योंकि वाणिज्य मंत्रालय भारत सरकार की संस्था एपीडा ने यह संकल्प लिया कि देश के बासमती धान उत्पादक सात राज्यों में 75 वर्कशाप लगाई जाएंगी। जिसमें बासमती को निर्यात योग्य बनाने के लिए किसानों को सभी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बासमती निर्यात योग्य कैसे बनाया जाए इसके लिए सभी प्रकार का प्रशिक्षण किसानों को दिया जाएगा।
इस अनूठी पहल में एपीडा के साथ नाबार्ड, बीइडीएफ और आइएआरआइ करनाल जैसे संस्थानों की अहम हिस्सेदारी होगी। इस वर्कशाप की शुरूआत करनाल जिले के संगोही गांव से हो चुकी है। करनाल में इस दिशा में एक पायलट प्रोजेक्ट भी चल रहा है। एक हजार एकड़ में बासमती धान पर ट्रायल भी शुरू हो गया है। बासमती धान में पेस्टीसाइट पर नियंत्रण के लिए पांच कृषि स्नातक नियुक्त किए गए हैं, जो धान के लिए जमीन तैयाार करने से लेकर कटाई तक बारीकी से नजर रखेंगे और किसानों का मार्गदर्शन करेंगे

2020-21 में 1.77 करोड़ टन चावल निर्यात हुआ
एपीडा के चेयरमैन आइएएस डा. अंगमुथु के मुताबिक देश में वर्ष 2020-21 में 1 करोड़ 77 लाख टन चावल निर्यात किया गया, जिसकी कीमत 65500 करोड़ रुपये बनती है। इसमें से बासमती चावल का हिस्सा 46 लाख टन है, जिसकी कीमत 30 हजार करोड़ रुपये बनती है। गैर बासमती चावल 35500 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया। बासमती चावल के एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए उसको अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतारने के लिए किसानों को वैज्ञानियों की मदद से तकनीक से काम करना होगा। इसका सीधा फायदा किसानों को होगा, उनकी आय दोगुनी निश्चित तौर पर होगी। विदेश में हमारा बासमती चावल पेस्टीसाइड की अधिकता के कारण रिजेक्ट नहीं होगा।
धान में ऐसे कंट्रोल की जाएगी पेस्टीसाइड की मात्रा
1. बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान मेरठ के प्रधान वैज्ञानिक डा. रितेश शर्मा ने बताया कि इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिन पांच कृषि स्नातकों की नियुक्ति की गई है उनको हमारे यहां से बासमती धान के बारे में पूरी ट्रेनिंग दी गई है। बासमती धान के लिए खेत तैयार करने से लेकर उसकी कटाई तक पूरी प्रक्रिया इन कृषि स्नातकों की देखरेख में होगी। सभी किसानों को यह मार्गदर्शन करते रहें।
2. किसान पेस्टीसाइड बेचने वालों से सलाह लेकर खेतों में दवाईयां का छिड़काव करते हैं, निर्धारित मात्रा से भी ज्यादा छिड़काव कर देते हैं, लेकिन बहुत सी ऐसी बीमारियां हैं, जिनमें ना के बराबर पेस्टीसाइड का इस्तेमाल कर नियंत्रित किया जा सकता है।
3. धान रोपाई से लेकर कटाई तक किसान एक एकड़ में छह से आठ स्प्रे कर देता है, जबकि इतनी जरूरत नहीं होती।
करनाल में हो रहा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में काम
करनाल जिले के करनाल व नीलोखेड़ी दोनों ब्लाकों से 25-25 गांवों को चिन्हित किया गया है। एक गांव से 10 से 12 प्रगतिशील किसानों को चुना गया है। एक किसान लगभग दो एकड़ बासमती धान लगाएगा। यानि कुल मिलाकर 500 प्रगतिशील किसान मिलकर 50 गांवों में एक हजार एकड़ में यह ट्रायल करने जा रहे हैं। प्रोजेक्ट के तहत नियुक्त किए गए एक कृषि स्नातक को 10 गांवों की जिम्मेदारी दी गई है। इस प्रकार से यह 50 गांव कवर करेंगे। अभी कंप्यूटर लेजर लेवलर के साथ जमीन समतल करने व सीड ट्रीटमेंट करने का काम शुरू हो गया है। पूरा काम इनकी देखरेख में किया जा रहा है। यह किसानों के संपर्क में रहेंगे। इस दौरान किसानों को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। जो किसान इस प्रोजेक्ट के अंर्तगत हैं, उनकी जमीन को समतल करने के लिए 500 रुपये प्रति एकड़ दिया जा रहा है। सीड ट्रीटमेंट के लिए दी जाने वाली दवाई किसानों को निशुल्क दी जा रही है।
‘चीन के बाद भारत देश का दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक
हमारा देश चीन के बाद दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक है। जो विश्व के चावल उत्पादन का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा है। भारत सालाना लगभग 112 करोड़ टन चावल उत्पादन करता है। अब तक 34 चावल किस्मों को सरकार द्वारा बासमती के रूप में अधिसूचित किया गया है। देश की आजादी के 75 वर्ष के जश्न में 75 कार्यशाला देश के सात राज्यों में आयोजित करने का जो निर्णय लिया गया है, इससे निश्चित तौर पर बासमती उत्पादन व गुणवत्ता को बढ़ावा मिलने सहयोगी साबित होगी।
