
दिल्ली के मरीजों की सुविधा के लिए केजरीवाल सरकार ने कई अहम निर्णय लिए हैं। हेल्थ इनफॉरमेशन मैनेजमेंट सिस्टम के तहत दिल्ली के सारे अस्पतालों को एक साथ जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। सभी अस्पतालों के एक ही प्लेटफार्म पर आने से लोगों को एक क्लिक पर सभी जानकारी उपलब्ध हो जाएगी।

दिल्ली सरकार से मिली जानकारी के अनुसार सभी अस्पतालों के लिए एक बनाए गए इस पोर्टल से- अस्पताल में कितने बेड खाली हैं, किस अस्पताल में कितनी दवाई है, स्टाॅफ और मेडिकल की स्थिती सभी के बारे में जानकारी मिल जाएगी। बताया जा रहा है कि यह सुविधा मिलने पर लोग फोन पर ही डॉक्टर से अपॉइंटमेंट फिक्स कर सकते हैं और तय समय पर अस्पताल जा सकते हैं। वहीं दिल्ली के स्वस्थ मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली सरकार शालीमार बाग, किराड़ी, सरिता विहार, सुल्तानपुरी, रघुवीर नगर, GTB अस्पताल के साथ-साथ चाचा नेहरू अस्पताल में ₹1216.72 करोड़ की लागत से 6836 नए बेड बनाने जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल जी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने इस परियोजना को मंजूरी दी है।
