
फरीदाबाद :ओल्ड फरीदाबाद कारखाना बाग स्थित फैक्ट्री की निर्माणाधीन इमारत में काम करते वक्त हाईटेंशन बिजली तारों की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में गांव सरैया थाना तरैया छपरा बिहार निवासी मदन सिंह और गांव पदमीन थाना मसरख छपरा बिहार निवासी सतेंद्र सिंह हैं। मदन सिंह की उम्र 55 साल है, वे यहां गांव सारन में परिवार सहित रहते थे।
वहीं सतेंद्र सिंह की उम्र 34 साल है। वे पर्वतीय कालोनी में किराए पर अकेले रहते थे। दोनों मजदूरी करते थे। रविवार सुबह वे कारखाना बाग स्थित फैक्ट्री की निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी करने गए थे। फैक्ट्री के प्रथम तल पर लेंटर डाला गया था। वे लोहे की छड़ से लेंटर की शटरिंग हटा रहे थे। इमारत के पास से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। काम करते वक्त लाेहे की छड़ हाईटेंशन बिजली तार से छू गई।इससे सतेंद्र शाह नीचे आकर गिरे, वहीं मदन सिंह वहीं गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मदन सिंह के बेटे मुन्ना की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मुकदमा दर्ज कर रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल में रखवाए हैं।
वहीं, ओल्ड फरीदाबाद बसेलवा कालोनी से दो महीने पहले लापता हुए 27 वर्षीय युवक का सुराग नहीं लग पाया है। बसेलवा कालोनी ओल्ड फरीदाबाद निवासी दीपक ठाकुर के मुताबिक उसका भाई 27 वर्षीय भरतपाल उर्फ मिथुन 26 जून को घर से कहीं चला गया था। इसके बाद से उसका कुछ सुराग नहीं लगा। इस मामले में ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया। पुलिस भी युवक की तलाश के लिए प्रयास कर रही है, मगर उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली
