
मथुरा रोड पर जाम दो माह बाद बीते दिनों की बात हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग इस मार्ग को आइटीओ डब्ल्यू प्वाइंट से लेकर दिल्ली पब्लिक स्कूल तक करीब तीन किलोमीटर भाग को सिग्नल फ्री किए जाने की योजना पर काम कर रहा है। यह योजना दो माह में पूरी हो जाएगी। इसके तहत बनने वाले चार में से दो अंडरपास तैयार हो गए हैं। एक का अंतिम चरण में है। जबकि एक का काम दो माह में पूरा होगा। कुल मिलाकर यह मार्ग दो माह में सिग्नल फ्री हो जाएगा। कुल मिलाकर सुरंग सड़क से पहले अंडरपास तैयार हो जाएंगे।
खत्म हो जाएंगी छह लालबत्तियां
इस मार्ग पर अभी छह लालबत्तियां हैं। इन लालबत्तियों पर व्यस्त समय में कुल मिलाकर 25 मिनट से लेकर 30 मिनट तक का समय लोगों का खराब होता है, जबकि इस दूरी को 8 से 10 मिनट में पूरा किया जा सकता है।
यह है योजना
इस मार्ग की छह लालबत्तियों को समाप्त करने के लिए मथुरा रोड पर चार अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इसके तहत सुंदर नगर और काका नगर के बीच दो अंडरपास बनकर तैयार हो गए हैं। इन दोनों के पास सड़क के भाग को ऊंचा किया जाना है। जिससे कि सड़क का पानी अंडरपास के अंदर नहीं जाए। बारिश के कारण यह कार्य रुक गया है। क्योंकि गिट्टी गीली हो गई है। चार या पांच दिन की तेज धूप निकलने पर जब गिट्टी सूख जाएगी तो यह काम पूरा कर लिया जाएगा। इसी तरह तीसरा अंडरपास मटकापीर के पास बन रहा है। इसका कुछ काम बचा है। जिसे एक माह में पूरा कर लिया जाएगा, जबकि चौथा अंडरपास सुप्रीम कोर्ट के पास बन रहा है। इसे बनाने का काम दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। इस तरह चारों अंडरपास का काम दो माह में पूरा कर लिया जाएगा।
अंडरपास से किसे मिलेगा लाभ
काका नगर का पहला अंडरपास लाजपत नगर की ओर से आकर निजामुद्दीन की ओर जाने के लिए है। इसके साथ दूसरा अंडरपास भैरों मार्ग और चिड़ियाघर की ओर से आकर काका नगर व दिल्ली हाई कोर्ट की ओर जाने वालों के लिए है। तीसरा मटकापीर वाला अंडरपास शेरशाह रोड से भैरों मार्ग व सुंदर नगर की ओर जाने के लिए है। चौथा अंडरपास सुप्रीम कोर्ट लालबत्ती के पास बन रहा है। जिससे पुराना किला रोड और भगवानदास रोड की ओर से आने वाला यातायात भैरों मार्ग व चिड़ियाघर की तरफ जा सकेगा।
पार्किंग वाला अंडरपास भी तैयार
भैरों मार्ग पर पार्किंग वाला अंडरपास सबसे पहले बनकर तैयार हो चुका है। इसका उपयोग भैरों मार्ग पर आने वाले वाहनों को पार्किंग एरिया तक ले जाने के लिए किया गया है। इसके अलावा भैरों मार्ग रिंग रोड अंडरपास में अभी समय लगेगा। इससे मथुरा रोड से रिंग रोड पर आना सिग्नल फ्री होगा।
