
बल्लभगढ़: ऊंचा गांव नाले की पुलिया दो विभागों के बीच विवाद का खास कारण बनी हुई है। 20 गांव के ग्रामीणों का पुलिया न होने की वजह से आवागमन प्रभावित हो रहा है। इन गांवों के ग्रामीण अपनी फसल को मंडी लेकर आते हैं, तो उन्हें तीन से चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
शहर का एक मात्र बड़ा नाला है। नाले से गंदे और बरसाती पानी की निकासी की जाती है। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा 10 करोड़ रुपये की लागत से नाले को पक्का बनवा रहे हैं। मानसून शुरू होने से पहले नाले की सफाई अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय की एजेंसी निर्माण केंद्र ने अर्थमूवर मशीनों से की थी। तब निर्माण केंद्र ने ऊंचा गांव स्थित साहुपुरा मार्ग की पुलिया को तोड़ दिया। पुलिया को तोड़े हुए तीन महीने का समय बीत चुका है। अब न तो पुलिया को निर्माण केंद्र बना रहा है और न ही नगर निगम।
निर्माण केंद्र के उपमंडल अधिकारी विनोद शर्मा का कहना है कि उनका काम सिर्फ नाले की सफाई करने का था। नाले की अच्छी सफाई करने के लिए पुलिया को तोड़ा था। अब पुलिया तो नगर निगम को ही बनानी होगी, जबकि इस मामले में नगर निगम के कार्यकारी अभियंता ज्ञान प्रकाश वधवा का कहना है कि नाले की पुलिया को तोड़े निर्माण केंद्र और बनाए निगम। ये कौन सा तरीका है। निर्माण केंद्र ने पुलिया तोड़ी है, तो बनानी भी उसे ही होगी।
नाले की पुलिया निर्माण केंद्र बनाए या फिर निगम, लेकिन जल्दी बनानी चाहिए। ताकि ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
-अवतार सिंह सारंग, साहुपुरा ग्रामीण सुबह हरा चारा ज्वार, सब्जियां बेचने के लिए मंडी लेकर आते हैं। उन्हें पुलिया न होने के कारण बाईपास चंदावली चौक से होकर तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करके आना-जाना पड़ता है। परेशानियों को कौन समझेगा।
-अशोक यादव, डीग मैंने पुलिया को बनाने के लिए कह दिया है। पुलिया को ठेकेदार प्रदीप बनाएगा, जल्दी ही पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-मूलचंद शर्मा, परिवहन मंत्री
