
गुजरात (Gujarat) में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पूरी सरकार में बदलाव कर दिया है. पहले विजय रुपाणी को हटाकर भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री बनाया गया और अब पूरी कैबिनेट बदलने की तैयारी है.
गुजरात की नई कैबिनेट (Gujarat Cabinet) गुरुवार दोपहर को शपथ लेगी, उससे पहले ही विधायकों को फोन पहुंचना शुरू हो गया है. जिनको फोन पहुंच रहा है, वही मंत्री बनने के प्रबल दावेदार हैं. अभी तक किन-किनको फोन पहुंचा है और कौन मंत्री बन सकता है, नज़र डालिए…
1. मोरबी से विधायक बृजेश मेरजा
2. राजकोट ईस्ट से विधायक अरविंद रैयाणी
3. लिमडी से विधायक किरीट सिंह राना
4. गणदेवी से विधायक नरेश पटेल
5. सूरत मजूरा से विधायक हर्ष सांघवी
6. विसनगर के विधायक ऋषिकेश पटेल
7. ओलपाड के विधायक मुकेश पटेल
8. वडोदरा सिटी की विधायक मनीषा वाकिल
आपको बता दें कि गुजरात में पहले बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार की बात सामने आई थी, लेकिन जब पता चला कि पूरी कैबिनेट ही बदली जा रही है तब कुछ विधायकों-मंत्रियों ने नाराज़गी जाहिर की. ऐसे में विवाद के चलते इस शपथ ग्रहण को एक दिन के लिए टाला गया था. भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही के दिनों में अपने कई राज्यों में मुख्यमंत्रियों को बदला है. इन सभी राज्यों में अगले एक या दो साल में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार के खिलाफ बन रहे माहौल को तोड़ने के लिए ये कदम उठाए जा रहे हैं.
