
हरियाणा पुलिस के चार पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। जिला पुलिस अधीक्षकों ने दो जगहों पर चार पुलिसकर्मियों पर सख्त एक्शन लिया है। ये मामले कैथल और रोहतक के हैं, जिसमें लापरवाही के आरोप है। जानकारी के मुताबिक रोहतक एसपी राहुल शर्मा ने पुलिस पीसीआर में शराब पीने के वायरल वीडियो में सख्त एक्शन लिया है, जिसमें दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है। जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें बताया गया कि यह रोहतक की एक पीसीआर है, जिसमें जाम छलकाए जा रहे हैं। वीडियो बनाने के दौरान ही पीसीआर का चालक गाड़ी को भगा लेता है। जबकि दूसरा पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठने के लिए काफी दूर तक पीछे भागता है।
वही दूसरा मामला कैथल जिले का है। यहां के पूंडरी चौकी इंचार्ज एएसआई प्रदीप कुमार और हैड कांस्टेबल नायब सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। पूंडरी चौकी पुलिस ने 15 सितंबर को चार जुआरियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा था कि गुप्त सूचना के बाद कार्रवाई की गई थी। सूचना थी कि फतेहपुर निवासी अनुज कुमार, विशाल वालिया, मनीष उर्फ मोंटी व मूंदड़ी निवासी हरविंद्र सिंह अहलुवालिया चौक से थोड़ा आगे अपने ऑफिस में ताश से जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने रेड करके चारों आरोपियों को काबू कर लिया। जिनके पास से 24 हजार रुपए जुआ राशि भी बरामद हुई थी। जांच की जा रही पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पूंडरी के पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई प्रदीप कुमार व हेड कांस्टेबल नायब सिंह द्वारा जुआ अधिनियम के केस में नियमानुसार कार्रवाई न करने का मामला संज्ञान में आया था। दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। विभागीय जांच की जा रही है। जांच में जो सामने आएगा उसी अनुसार आगामी कार्रवाई होगी।
