
फरीदाबाद : कोरोना संक्रमण पर अकुंश के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। कुछ सर्दी और कुछ पुलिस की सख्ती की वजह से नाइट कर्फ्यू फिलहाल सफल नजर आ रहा है। रात 11 बजे के बाद शहर में विभिन्न मार्गों पर इक्का-दुक्का लोग और वाहन ही दिखाई देते हैं।
एनआइटी-3 का ईएसआइ चौक शहर के व्यस्त चौराहों में से एक है। बुधवार रात 11 बजे के बाद यहां सड़क पूरी तरह खाली दिखाई दी। एक-दो लोग ही वाहनों पर आते जाते दिखाई दिए। शहर में लगभग हर जगह यही हाल दिखाई दिया। इसी तरह बड़खल रोड भी रात में आमतौर पर बहुत व्यस्त रहती है। रात 11 बजे के बाद इस रोड पर गिने-चुने वाहनों का आवागमन देखा गया। कुछ यही हाल नीलम चौक का भी रहा। यहां भी वाहनों की काफी कम संख्या दिखाई दी। पैदल लोग न के बराबर दिखाई दिए। हाईवे के आस-पास कुछ ढाबे रात 11 बजे के बाद खुले रहते थे। पुलिस अब रात 11 बजे के बाद इन ढाबों को भी बंद करा देती है। नाइट कर्फ्यू के पालन की एक वजह इन दिनों सर्दी भी है। रात में सर्दी काफी बढ़ जाती है। इसलिए रात 10 बजे तक लोग अपने घरों में दुबक जाते हैं। इसके बाद ज्यादातर लोग घरों से बाहर नहीं निकलते। यही कारण है कि 10 बजे के बाद ही सड़कों पर वाहनों का आवागमन बहुत कम हो जाता है। रात 11 बजे और उसके बाद इक्का-दुक्का वाहन ही सड़कों पर दिखते हैं।
पुलिस की तरफ से नाइट कर्फ्यू पालन के लिए सार्वजनिक जगहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रात में घरों से बाहर निकलने वालों से पूछताछ की जा रही है। विभिन्न मार्केट में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मी रात 11 बजे के बाद बाजार बंद कराकर लोगों को घर भेजे देते हैं।
Source News: jagran
