
हरियाणा में कोरोना की स्पीड नए साल में और बढ़ती नजर आ रही है। एक जनवरी शनिवार को राज्य में कोरोना के 552 नए मरीज मिले। 31 दिसंबर को यह आंकड़ा 428 का था। शनिवार को आए नए केसों में आधे से ज्यादा अकेले गुरुग्राम से हैं। राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि शनिवार को प्रदेश में ओमिक्रॉन वैरिएंट का कोई नया मरीज नहीं मिला। शनिवार को कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा भी कोरोना की चपेट में आए गए। दीपेंद्र हुड्डा ने खुद ट्वीट करके बताया कि कोरोना के प्रारंभिक लक्षण दिखने के बाद उन्होंने खुद RT-PCR टेस्ट करवाया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सोनीपत जिले में कोरोना के संक्रमित दोगुना तेजी से बढ़ने लगे हैं। शनिवार को जिले में 31 नए संक्रमित मिले हैं। इससे पहले शुक्रवार तक जिले में 30 संक्रमित थे। नए संक्रमितों में गोहाना के उत्तम नगर के रहने वाले एक परिवार के 10 सदस्य और डेंटल सर्जन दंपती भी शामिल हैं।
गोहाना के उत्तम नगर का रहने वाले 18 वर्षीय युवक शुक्रवार को संक्रमित मिला था। युवक के संक्रमित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिवार के सभी सदस्यों के सैंपल लिए थे। शनिवार को आई रिपोर्ट में युवक के संपर्क में आए परिवार के 10 सदस्य संक्रमित मिले हैं। इनमें युवक की 45 वर्षीय मां, 24, 21, 15 वर्षीय तीन बहनों के अलावा परिवार की 37 वर्षीय महिला, 19 वर्षीय युवक, 12 वर्षीय बच्ची, 40 वर्षीय महिला, 46 वर्षीय व्यक्ति व 60 वर्षीय महिला शामिल हैं। एक जनवरी को हरियाणा में कोरोना के जो 552 नए केस आए, उनमें से 298 अकेले गुरुग्राम में मिले। 31 दिसंबर को भी यहां 280 केस आए थे। शनिवार को 107 नए मरीजों के साथ फरीदाबाद दूसरे नंबर पर रहा। इन दोनों शहरों के अलावा अंबाला, सोनीपत और पंचकूला में भी कोरोना के नए केस बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को अंबाला में 32, सोनीपत में 31 और पंचकूला में 26 केस आए।
शनिवार को रोहतक 12, पानीपत-झज्जर 7-7, करनाल-कुरुक्षेत्र 6-6, यमुनानगर 5, नूंह में 4 केस, हिसार में 3, चरखी दादरी में 2 और भिवानी, जींद, फतेहबाद, कैथल, पलवल और सिरसा में 1-1 मरीज मिला। महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिले में शनिवार को कोरोना का एक भी नया केस नहीं मिला।


Source News: chopaltv
