
अहमदाबाद: गुजरात के आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) ने फेसबुक पोस्ट पर हत्या के मामले में दिल्ली से एक मौलाना को गिरफ्तार किया है। दरअसल, अहमदाबाद में धंधुका नगर के मोढवाड़ा इलाके में 27 साल के किशन भरवाड़ की हत्या के मामले में पुरानी दिल्ली के दरियागंज इलाके से एक मौलवी को ATS ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि किशन भरवाड़ की हत्या 25 जनवरी को गोली मारकर की गई थी। मौलवी पर किशन की हत्या करने वालों को उकसाने और बंदूक मुहैया कराने का आरोप है, जिसके चलते उनकी यह गिरफ्तारी हुई है। हत्या के कथित मास्टरमाइंड मौलाना कमर गनी इस्लामी को पिस्टल और पांच कारतूस सप्लाई करने का आरोप है।
ATS अधिकारी ने जानकारी दी कि गिरफ्तार मौलाना पर इससे पहले त्रिपुरा में सांप्रदायिक हिंसा को भड़काने के भी आरोप लग चुके हैं। इतना ही नहीं उन पर पिछले नवंबर में यूएपीए के तहत मामले भी दर्ज किए गए थे। अधिकारी ने बताया कि इस्लामी अपने संगठन तहरीक-ए-फारोग-ए- इस्लामी से जुड़े एक कार्यालय से बाहर निकल रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी के अनुसार अप्रैल-2021 में मौलवी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला था जिसमें वे इशनिंदा करने वालों के खिलाफ भड़काऊ भाषण देते नजर आए थे। जिसमें वह कहते नजर आते हैं कि इस्लाम के खिलाफ बात करने वालों के खिलाफ कोई किसी भी हद तक जा सकता है।
दरअसल, पिछले हफ्ते धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर आहत करने वाली एक फेसबुक पोस्ट को लेकर दो बाइक सवारों ने किशन भरवाड़ नाम के युवक की गोलीमारकर हत्या कर दी थी। मामले में हत्या करने वाले आरोपियों के तौर पर शब्बीर चोपड़ा और इम्तियाज पठान को गिरफ्तार किया गया है।
एटीएस के अनुसार हत्या करने वाला शब्बीर लगातार मौलाना कमर गनी से संपर्क में था। शब्बीर पहले कई बार मौलाना से मिल चुका है और सोशल मीडिया पर भी फॉलो करता था। बता दें कि इस मामले में जमालपुर निवासी मौलवी मोहम्मद अयूब जावरावाला सहित कुल 6 लोग अभी गिरफ्तार किए गए हैं।
Source News: punjabkesari
