
फरवरी का महीना खत्म होने को है लेकिन अभी भी कई राज्यों में ठंड करकरार है। लेकिन बात हरियाणा की कहें तो यहां अब हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। लगातार दिन में तापमान बढ़ रहा है। हिसार में एक दिन पहले दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जबकि रात्रि तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग (Meteorological Department) के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में 17 फरवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहा। जिससे दिन का तापमान बढ़ा और रात्रि तापमान में गिरावट देखने को मिली।
ऐसा मौसम हल्की गति से उत्तरी व उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिखाई दिया। वीरवार को रात्रि से मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा में बदलाव दिखाई देगा। जिससे दिन का तापमान कुछ कम हो सकता है। हवा उत्तर पश्चिमी या पश्चिमी से पूर्वी होने से 19 फरवरी तक बीच-बीच में आंशिक बादलवाई व हवाएं चलने की संभावना है।
हिसार में पिछले कुछ दिनों से लगातार सूर्य की तपिश बढ़ती जा रही है। हाल यह है कि लोगों को अभी से लगने लगा है कि गर्मी जल्दी आ गई है। अगर तापमान पर गौर करें तो फरवरी माह में सर्वाधिक 27 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज किया गया।
जबकि रात्रि में लगातार गिरावट जारी है। यहां रात्रि तापमान 5.2 डिग्री सेलसियस रहा है। इससे पहले 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रात्रि तापमान बना हुआ था। मौसम के इस बदलाव को पहले ही मौसम विज्ञानियों ने बता दिया है।
पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यरेखा-क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली वह बाह्य- उष्ण कटिबंधीय आंधी है जो सर्दी में भारतीय उपमहाद्वीप के पश्चिमोत्तर भागों में अकस्मात मैदानी क्षेत्रों में बारिश तो पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ले आती है। यह बारिश मानसून की बरसात से भिन्न होती है। यह ईरान ईराक अफगानिस्तान होते हुए भारत में प्रवेश करते हैं। हर माह में पश्चिमी विक्षोभ तीन से चार आते हैं।
Source News: chopaltv
