
2000 Bank Notes Circulation Down : जिस नोट के हाथों में आने से चेहरे पर चमक आ जाती है वो 2000 का नोट आजकल बाजार के चलन में कम दिख रहा है. शायद आपने भी इसे नोटिस किया हो. आखिर इसके बाजार से गायब होने के पीछे का सच क्या है? सरकार की तरफ से लोकसभा में जानकारी दी गई थी कि वित्त वर्ष 2020 और 2021 में 2 हजार का नया नोट नहीं छापा गया है.
500 रुपये के नोटों का चलन बढ़ा
31 मार्च 2021 तक देश में चलन में आ रहे कुल नोट में 2000 और 500 रुपये के 85 प्रतिशत नोट थे. बाकी नोट 10, 20, 50 और 100 रुपये के थे. 31 मार्च 2020 में यह आंकडा 83 प्रतिशत था. इससे साफ है कि सर्कुलेशन में 500 रुपये के नोटों की संख्या बढ़ी है. 2000 के नोट से छोटे लेन-देने में दिक्कत होती है. इससे यह साफ है कि 2000 के मुकाबले 500 और 100 रुपये के नोटों का चलन बढ़ गया है.
ऐसे घटा 2000 के नोटों का चलन
आरबीआई के डाटा के अनुसार 2019 में एक लाख रुपये के नोटों में 2 हजार के नोटों (Bank Note) की संख्या 32910 रुपये होती थी. यह मार्च 2021 तक घटकर 24510 रुपये रह गई. 30 लाख करोड़ रुपये के कुल सर्कुलेशन में 2 हजार के नोटों का मूल्य 2019 में 6 लाख 58 हजार करोड़ था. एक साल बाद 2020 में यह घटकर 4 लाख 90 हजार करोड़ रह गया.
जमाखोरी की भी आशंका
जानकारों का कहना है कि यह भी संभव है कि 2 हजार के नोटों की जमाखोरी हो रही है. कुछ लोगों का यह भी कहना है कि पांच राज्यों में चुनाव का ऐलान होने के बाद 2 हजार के नोट बाजार में कम दिख रहे हैं. आपको बता दें बड़े मूल्य वाले नोटों पर छपाई का खर्च भी ज्यादा आता है. ऐसे में इन नोटों की छपाई भी कम की जा रही है.
ATM से 2000 के नोटों के बॉक्स हटाए
लोगों को छोटे लेनदेन में किसी तरह की पेरशानी न हो, इसके लिए एटीएम और बैंक की कैश विंडो से 500 रुपये के ही नोट ज्यादा मिल रहे हैं. सूत्रों का यह भी कहना है कि एटीएम में धीरे-धीरे 2000 के नोट वाले बॉक्स की जगह 500 के नोट वाला बॉक्स लगाया जा रहा है. इतना ही नहीं एटीएम में नोट डालने वाली कंपनियों को 2 हजार के नोट कम दिए जा रहे हैं.
Source News: zeenews
