
स्थानीय सेक्टर-13 के सामने खाली मैदान में 25 से 27 फरवरी को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय पशु-प्रदर्शनी में रोजाना लक्की ड्रा निकाला जाएगा, जिसमें एक ट्रैक्टर, बुलेट, महिलाओं के लिए स्कूटी और दूध निकालने की मशीन शामिल है. प्रदर्शनी में प्रदेशभर से एक लाख से अधिक किसान, पशुपालक व आमजन आएंगे.
यह पशु-प्रदर्शनी किसानों, पशुपालकों की आय बढाने में मील का पत्थर साबित होगी. कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने दी. कृषि मंत्री दलाल बुधवार को राज्य स्तरीय पशु-प्रदर्शनी की तैयारियों का जायजा ले रहे थे. उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के बाद यह प्रदेश का पहला बड़ा राज्य स्तरीय आयोजन है, जिसमें किसान, पशुपालक व आमजन शामिल होंगे.प्रदर्शनी के दौरान जहां एक तरफ पशुपालकों को उत्तम नस्ल के पशुओं व उनके पालन-पोषण की जानकारी मिलेगी, वहीं दूसरी ओर प्रदर्शनी के दौरान तीनों दिन लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश के बेहतरीन कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे. कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री दलाल ने बताया कि पशु-प्रदर्शनी में 12 प्रजाति के पशुओं में 53 श्रेणियों की प्रतियोगिता होंगी.
उन्होंने कहा कि पशु-प्रदर्शनी के दौरान गाय, भैंस, बैल, खागड़, भेड़, बकरी, मेंढ़े, ऊंट, घोड़े, सूअर व गधों की भी प्रतियोगिता होंगी. मुर्राह नस्ल, हरियाणा नस्ल, साहीवाल व विदेशी गायों में प्रतियोगिता करवाई जाएगी. पशु-प्रदर्शनी प्रदेशभर से उत्तम नस्ल के पशु शामिल होंगे, जिसके लिए पशुपालकों द्वारा पंजीकरण करवाया जा रहा है.पंजीकृत पशुओं में से जो सबसे अच्छे पशु हैं, उनको प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा. पशु प्रदर्शनी में पशु पालकों को पशु पालन से संबंधित नवीनतम जानकारी मिलेगी, जो उनकी आय बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी. प्रदर्शनी में पशुओं के लिए चारे व पानी की समुचित व्यवस्था की गई है. पशुपालकों, किसानों के लिए भोजन आदि का समुचित प्रबंध किया गया है.
प्रदर्शनी में पशु व कृषि विशेषज्ञ पशु पालकों और किसानों को नई-नई तकनीकों की जानकारी देंगे. पशुपालन मंत्री दलाल ने मुख्य कैटल-लाईन, रैंप, पांडाल, सांस्कृतिक मंच, सेमिनार और प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शनी की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे.
Source News: chopaltv
