
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) भारत बायोटेक के नाक के जरिए दिए जाने वाली कोरोना वैक्सीन की बूस्टर खुराक का परीक्षण शुक्रवार से शुरू करेगा। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही एक और कोविड वैक्सीन उपलब्ध हो सकेगी। AIIMS नई दिल्ली में सामुदायिक चिकित्सा केंद्र के प्रोफेसर डॉ संजय राय ने बताया कि बूस्टर खुराक उन लोगों को दी जाएगी, जिन्होंने कम से कम पांच महीने पहले कोवैक्सीन या कोविशील्ड की दोनों खुराक ले ली थी।
हालांकि टीका लेने की अवधि सात महीने से पहले की नहीं होनी चाहिए। भारत द्वारा हैदराबाद की कंपनी भारत बायोटेक द्वारा covid-19 के खिलाफ विकसित ‘इंट्रानैसल वैक्सीन’ बीबीवी154 के इस्तेमाल को मंजूरी दिया जाना अभी बाकी है। इसी कंपनी ने कोवैक्सिन भी तैयार किया है, जिसे फिलहाल पूरे देश में दिया जा रहा है। साथ ही इसे 15 से 18 साल की उम्र के किशोरों को भी दिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने की कोविड के हालात की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक भी की थी। बैठक में पीएम मोदी ने केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोगात्मक प्रयासों तथा महामारी से निपटने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कहा कि टीकाकरण अभियान की दिशा में भारत के लगातार प्रयास और कोविड के ओमीक्रोन स्वरूप के कारण हाल में मामलों में बढ़ोतरी के दौरान अस्पताल में कम भर्ती दर, बीमारी की कम गंभीरता तथा मृत्यु दर कम करने में मदद के लिए टीके की प्रभावशीलता के विश्लेषण पर भी प्रकाश डाला गया।
PMO ने कहा कि समीक्षा बैठक में यह सामने आया कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में सक्रिय और सहयोगात्मक प्रयासों ने संक्रमण के प्रसार के प्रभावी प्रबंधन में मदद की। बैठक में देश में टीकाकरण अभियान की स्थिति का भी जायजा लिया गया और वैश्विक स्तर पर तथा भारत में महामारी की स्थिति पर एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई। गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्यमंत्री मनसुख मांडविया के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
source news: punjabkesari
