
गोरखपुर : विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आपसी मनमुटाव का शिकार रहे कांग्रेसी बुरी तरह हारने के बाद भी एकजुट नहीं हो पा रहे हैं। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान की ओर से हार की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में नौ में से आठ प्रत्याशी गायब रहे। वजह बताई गई कि प्रत्याशी लखनऊ से लौटे हैं और थक जाने के कारण नहीं आ सके हैं। 20 में से कुछ ही ब्लाक अध्यक्ष भी आए।
विधानसभा चुनाव के लिए जैसे-जैसे प्रत्याशियों की घोषणा होती गई, कांग्रेसियों में आरोप-प्रत्यारोप तेज होते गए। कई पुराने कांग्रेसियों ने प्रत्याशियों के चयन पर सवाल उठाए तो कुछ ने प्रत्याशी का नाम सामने आने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया। 10 मार्च को परिणाम आया तो जिले में कांग्रेस के सभी नौ प्रत्याशियों को मिलकर 20 हजार वोट भी नहीं मिल पाए थे।
निराश न हों, हार-जीत को लगी रहती है
कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने ट्रांसपोर्टनगर स्थित एक मकान में मंगलवार दोपहर संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में चौरी चौरा के प्रत्याशी जितेंद्र पांडेय ही मौजूद रहे। पिपराइच की प्रत्याशी सुमन चौहान के पति धर्मराज चौहान बैठक में आए थे। निर्मला पासवान ने कहा कि हार-जीत तो लगी रहती है, किसी को निराश नहीं होना चाहिए। हमें नई ऊर्जा के साथ फिर से गांव तक संगठन को मजबूत करने में जुट जाना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बैठक में सभी न्याय पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, प्रत्याशी आए थे। जो नहीं आए थे उनसे टेलीफोन पर बात की गई है।
संगठन पर उठते रहे हैं सवाल
अध्यक्षों से इस्तीफा मांगना स्वागत योग्य
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व मीडिया प्रभारी अनिल सोनकर ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के उस निर्णय का स्वागत किया है जिसमें उन्होंने सभी अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा है। कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में भी कार्रवाई करनी चाहिए। संगठन का जो सैनिक जिले की कमान संभालेगा वह जिले के ब्लाक, न्याय पंचायत और बूथ स्तर के कार्यकर्ता व सामान्य नागरिकों को जोड़कर एक साथ लेकर चलने की क्षमता रखने वाला होना चाहिए। गुटबाजी कर पार्टी को कमजोर करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। बदलाव से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा।
source news: jagran
