
कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी आने के बाद चीन के प्रमुख शहर शंघाई ने लॉकडाउन प्रतिबंध सख्त कए हैं। इसके तहत शहर के आधे पूर्वी हिस्से में सभी लोगों पर घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है। वह अपने पालतू जानवरों को टहलाने के लिए भी बाहर नहीं निकल सकते हैं। चीन में कोरोना के रिकॉर्ड 4477 नए मामले दर्ज किए गए थे। इस संबंध में इलाके के आवासीय परिसरों की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि पुडोंग जिले के सभी नागरिकों को घर के अंदर ही रहने का निर्देश दिया जाता है। बयान के अनुसार लोगों को केवल कोविड-19 जांच कराने के लिए ही बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी। बता दें कि शंघाई स्टॉक एक्सचेंज और कई प्रतिष्ठित वित्तीय संस्थान पुडोंग जिले में ही स्थित हैं।
चार दिन आधे शहर में और फिर चार दिन बाकी बचे शहर में लॉकडाउन
इस रणनीति के तहत पहले आधे शहर में चार दिन के लिए लॉकडाउन लागू किया जाना है और इसके बाद चार दिन के लिए शहर के दूसरे हिस्से में प्रतिबंध लगाए जाने हैं। इस रणनीति का उद्देश्य पूरे शहर की प्रभावी कोरोना वायरस जांच कराना है और अब तक के सबसे बड़े कोरोना प्रसार को नियंत्रण में लाना है। चीन के कई अन्य शहरों में भी लॉकडाउन लागू किया गया है।
राष्ट्रपति शी जिनपिंग की कोरोना नीति को लेकर चीन की जनता में गुस्सा
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच चीन में हो रही उच्च स्तर की सख्ती को लेकर यहां के नागरिक खासे आक्रोशित हैं। वह अपना असंतोष सोशल मीडिया पर बयां कर रहे हैं। लोगों की शिकायत है कि पूर्ण लॉकडाउन से आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसके अलावा कोरोना वायरस नियमों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किए जाने के प्रावधानों की आलोचना भी की जा रही है।
source news: amarujala
