
कोरोना फिर पांव पसार रहा है। 18 वर्ष से कम उम्र के संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्कूलों में भी बच्चे कोरोना की जद में आ रहे हैं। अभिभावक चिंतित है। दिल्ली-एनसीआर में कोरोना के मामले बढ़ने पर वे अब स्कूलों में आनलाइन कक्षाओं के संचालन की मांग कर रहे हैं। ग्रेनो वेस्ट के निवासियों ने जिलाधिकारी सुहास एलवाई से स्कूलों में आनलाइन कक्षाओं के संचालन का आदेश जारी करने की मांग की है।बता दें कि सोमवार को बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच चार दिन के अवकाश के बाद स्कूल खुले। इस दौरान स्कूलों के अंदर तो कोरोना नियमों का सख्ती से पालन हो रहा है, लेकिन बाहर नियम टूटते दिख रहे हैं। सोमवार को गेट से बाहर निकलते ही बच्चों ने मास्क हटा दिए। स्कूल बसों में भी बच्चे बिना मास्क के दिखे। कुछ स्कूल वाहनों में क्षमता से ज्यादा बच्चे दिखे।
स्प्रिंग मिडोज के विकास कटियार ने बताया कि कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। कई स्कूलों में बच्चे संक्रमित हुए हैं। प्रशासन को छोटे बच्चों के लिए आनलाइन शिक्षा शुरू करने का आदेश देना चाहिए, ताकि बच्चे सुरक्षित रहें।पंचशील सोसायटी के रवि ने कहा कि बच्चे नासमझ होते हैं। कोरोना से बचाव के लिए एहतियात नहीं बरत सकते। एक स्कूल बस में 50 से 60 बच्चों को ले जाया जाता है। प्रशासन को आनलाइन कक्षाओं के संचालन पर विचार करना चाहिए। ग्रेनो वेस्ट के योगेश भगौर ने बताया कि स्कूलों में कोविड नियमों का बिल्कुल पालन नहीं हो रहा है। एक बेंच पर कई बच्चों को बैठाया जा रहा है। स्कूल बसों में भी नियम का पालन नहीं होता है।नेफोवा उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों का टीकाकरण बेहद जरूरी है। टीकाकरण पूर्ण होने के बाद आफलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू हो। बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए।
आफलाइन संग आनलाइन का भी दिया जाए विकल्प
नोएडा शहर के स्कूलों में बढ़ते संक्रमण से अभिभावक घबरा गए हैं। खासकर 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को लेकर चिंता बढ़ गई है। छोटी कक्षाओं में सोमवार को छात्रों की संख्या भी कम रही। इन बच्चों को अभी वैक्सीन नहीं लगी है, जबकि यह शारीरिक दूरी और साफ-सफाई को लेकर भी कम जागरूक हैं। कुछ अभिभावक पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके चलते हल्के लक्षण में भी बच्चों को स्कूल भेज रहे हैं। सोमवार को अभिभावकों के स्कूल स्टाफ से बहस करने के भी कुछ मामले आए।अभिभावक राशि त्रेहान ने बताया कि मेरा बच्चा पहली कक्षा में है। सोमवार को मैंने उसको स्कूल नहीं भेजा। मैंने स्कूल से भी हाईब्रिड मोड पर क्लास शुरू करने की मांग की है। बच्चे का स्वास्थ्य पहली प्राथमिकता है वहीं अभिभावक श्वेता दत्त ने बताया कि मेरा बेटा पांचवीं कक्षा में है। स्थिति सामान्य होने तक बच्चे को स्कूल नहीं भेजूंगी। डीपीएस जैसे स्कूल को आफलाइन कक्षाएं शुरू करनी चाहिए।
स्कूलों में सख्ती, बाहर टूट रहे कोरोना के नियम
उल्लेखनीय है कि रविवार को जिला प्रशासन ने भी स्कूलों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। हमारी पड़ताल में नोएडा के सेक्टर-71 स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में कोरोना नियमों का पालन हो रहा था, लेकिन अवकाश के समय परिसर से बाहर आते ही बच्चों ने मास्क हटा दिए। एक अभिभावक ने पूछने पर बताया कि हमें कोई दिक्कत नहीं है। इसी तरह सेक्टर-70 सफायर इंटरनेशनल स्कूल में भी दोपहर 1:50 बजे बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों के लेने पहुंचे थे।अभिभावकों ने तो मास्क लगाए थे, लेकिन बच्चों के मास्क हाथ में थे। सेक्टर-23 स्थित केंद्रीय विद्यालय में भी छुट्टी के समय बड़ी संख्या में बिना मास्क के बच्चे स्कूल गेट के बाहर खड़े थे। जिला विद्यालयी निरीक्षक डा.धर्मवीर सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों को दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। सभी स्कूल इसका सख्ती से पालन करें। उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।
तेजी से बढ़ रही संक्रमितों की संख्या
सोमवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 65 नए मामले मिले। इनमें 19 बच्चे शामिल हैं। वहीं 13 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब कोरोना के सक्रिय केस 332 हो गए हैं। इनमें 10 संक्रमितों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
source news: jagran
