
Lockdown extended in Shanghai: चीन (China) के शंघाई (Shanghai) में गुरुवार को कोविड-19 से 11 और मरीजों की मौत के बाद बढ़ते जन आक्रोश की खबरों के बीच शहर में लॉकडाउन 26 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है. खबरों के अनुसार, 2.6 करोड़ की आबादी वाले शंघाई में कोरोना वायरस की मौजूदा लहर के दौरान मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है.
24 घंटे में आए 17,629 नए मामले
शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, शहर में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 17,629 नए मामले आए जो एक दिन पहले आए मामलों से 4.7 फीसदी कम है. एक मार्च के बाद से शहर में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,43,500 हो गई है.
इस दौरान 11 लोगों की मौत हुई
हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की शुक्रवार को प्रकाशित खबर के मुताबिक, देशभर में कोविड-19 के 30,813 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शंघाई में गुरुवार को कोरोना वायरस से 11 मरीजों की मौत हुई थी.
26 अप्रैल तक बढ़ा लॉकडाउन
इस बीच, शंघाई ने लॉकडाउन की अवधि 26 अप्रैल तक बढ़ा दी है. शहर में लॉकडाउन लगे चौथा हफ्ता चल रहा है. इसके साथ ही शंघाई में कोविड-19 ट्रांसमिशन चेन को जल्द से जल्द हटाने के मकसद से अभियानों की एक सीरीज शुरू की. समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अधिकारियों के हवाले से कहा कि लोगों की आवाजाही और सभा को कम करने के लिए सामुदायिक नियंत्रण के उपाय किए जाएंगे.
source news: zeenews
