
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बुधवार को 24 घंटे में 3,743 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट आने पर 12 छात्रों समेत 75 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। पिछले तीन महीने में एक दिन में सबसे अधिक संक्रमित मिलने का भी रिकार्ड टूट गया है। इनमें नौ की उम्र दो से 12 वर्ष, आठ की 13 से 20 वर्ष, 36 की 21 से 40 वर्ष, 16 की 41 से 60 वर्ष और छह संक्रमितों की उम्र 60 वर्ष अधिक है। बता दें कि बीते 24 घंटे में संक्रमण दर 0.70 प्रतिशत से बढ़कर 1.84 प्रतिशत हो गई है। 53 संक्रमित ठीक हुए हैं। 298 सक्रिय मरीजों का इलाज होमआइसोलेशन में चल रहा है। अब तक 62 स्कूलों के 23 अध्यापकों समेत 118 छात्र संक्रमित मिल चुके हैं। स्कूलों में कोरोना जांच बढ़ा दी गई है।
इस बार स्कूली छात्र अधिक हो रहे संक्रमित
इस बार स्कूली छात्र अधिक संक्रमित हो रहे हैं। अब तक 55 स्कूलों के 20 अध्यापकों समेत 101 छात्र संक्रमित मिल चुके हैं। कोरोना जांच बढ़ा दी गई है। मार्च 2020 से लेकर 25 अप्रैल 2022 के बीच जिले के 28,81,322 लोगों की कोरोना जांच के सापेक्ष 85,333 लोग संक्रमित हुए हैं। 84,587 स्वस्थ हो चुके हैं। 64,971 घर पर और 19,616 संक्रमित अस्पतालों में रहकर ठीक हुए हैं। 473 संक्रमितों की मौत हुई है। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 273 है। सीएमओ डा. भवतोष शंखधर का कहना है कि शहर के लोगों का दिल्ली और नोएडा में आना जाना रहता है। ऐसे में वहां केस बढ़ने पर संक्रमण का ग्राफ जिले में भी बढ़ जाता है। कांटेक्ट ट्रेसिंग और जांच बढ़ा दी गई है।
उतार-चढ़ाव के साथ रंग बदल रहा कोरोना संक्रमण
कोरोना महामारी अधिनियम शासन स्तर से खत्म कर दिया गया है, लेकिन जिले में तीन साल से कोरोना संक्रमण उतार-चढ़ाव के साथ खूब रंग बदल रहा है। दिल्ली में केस बढ़ने के साथ ही गाजियाबाद के लोगों की सेहत भी बिगड़ने लगती है। स्वास्थ्य विभाग केस कम होते ही कोविड अस्पतालों को नान कोविड में तब्दील कर देता है और केस बढ़ने पर कोविड अस्पतालों का संचालन शुरू कर देता है। अप्रैल 2021 में कोरोना की दूसरी लहर ने खूब कहर बरपाया। दिसंबर और जनवरी में तीसरी लहर आई के तहत ओमिक्रोन ने दस्तक दी तो कोरोना का असर बेहद कमजोर हो गया।
161 केंद्रों पर 12,639 लोगों ने लगवाया टीका
मंगलवार को जिले के 161 केंद्रों पर 12,639 लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया है। अब तक 33.75 लाख लोगों को वैक्सीन की कुल 62.95 लाख डोज लग चुकी हैं। 28.30 लाख लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं। 12 से 14 वर्ष के 1,44,779 किशोरों को टीका लग चुका है। 15 से 17 वर्ष के 4,09,441 किशोरों को टीका लग चुका है। 89,809 लोगों को सतर्कता डोज लग चुकी हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नीरज अग्रवाल ने बताया कि जिले में अब तक 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग वाले 71 प्रतिशत से अधिक किशोरों को कोरोनारोधी टीके की दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं। लक्ष्य के सापेक्ष 103 प्रतिशत से अधिक किशोरों को पहला टीका लग चुका है। इस आयु वर्ग के 2.34 लाख किशोरों के टीकाकरण के लक्ष्य के सापेक्ष 2.41 लाख किशोरों को पहला टीका लग चुका है। 12 से 14 वर्ष के 92 प्रतिशत किशोरों को टीका लग चुका है।
विशेष अभियान चलाकर वितरित होंगी दवाएं
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अलावा अब स्वास्थ्य विभाग मई माह के दौरान एक कदम सुरक्षित मातृत्व की ओर विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत सभी गर्भवती और धात्री महिलाओं को आयरन, कैल्शियम, फोलिक एसिड और एलबेंडाजाल की गोली खिलाई जाएंगी। एनीमिक महिलाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मंगलवार को इस अभियान की तैयारियों को लेकर सीएमओ डा. भवतोष शंखधर ने सभी चिकित्सकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
source news: jagran
