
फरीदाबाद : हम तो शिकायतें करके थक चुके हैं, नगर निगम का कोई अधिकारी सुन के राजी नहीं है। अब विधायक सीमा त्रिखा से हमारा अनुरोध कि एक बार आकर खुद ही देख लें कि किस नरक में रह रहे हैं और देख कर समाधान कराएं। कुछ इस तरह से अपनी व्यथा बताई एनआइटी दो नंबर डी ब्लाक के निवासियों ने, जिनके यहां महीनों से सीवर जाम है और काला बदबूदार पानी मुख्य सड़क पर बह रहा है और सड़क इस कदर भरी हुई है कि पैदल वालों के लिए तो जगह ही नहीं बची है कि वो कहां से निकलें।
एनआइटी, बल्लभगढ़ और बड़खल के कई क्षेत्रों में सीवर लाइनों के जाम होने से स्थिति बिगड़ी हुई है। जगह-जगह सीवर का पानी जमा दिखाई देता है। एक दिन शिकायत दूर हो जाती है, तो दूसरे दिन फिर वही दिक्कत सामने आ जाती है। नगर निगम अधिकारी इस समस्या से वाकिफ हैं, फिर भी कोई गंभीरता नहीं बरत रहा है। यही वजह है कि नगर निगम मुख्यालय में सीवर लाइनों के जाम होने संबंधी प्रतिदिन 20 से 25 शिकायतें आ रही हैं। कई क्षेत्र तो ऐसे हैं, जहां महीनों से सीवर जाम है। एनआइडी दो नंबर डी ब्लाक का हाल लंबे समय से खराब है। डा.ढींगड़ा क्लीनिक वाली गली के शुरुआत में ही नजर डालने पर पता चल जाएगा कि सीवर लाइनों की महीनों से सफाई नहीं की गई है। ऐसे ही दो सी, विडोहोम, एक नंबर बी, डी व जे ब्लाक के अलावा तीन नंबर ई ब्लाक, नेहरू ग्राउंड, सेक्टर-22 तथा पांच नंबर डी ब्लाक की भी लगातार शिकायतें आ रही हैं। हैरानी की बात है कि कई निवर्तमान पार्षद भी शिकायतों को लेकर निगम अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। फिर भी कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है।
हमारे दो नंबर डी ब्लाक का हाल सबसे ज्यादा बुरा है। शिकायत की हैं, पर स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
-शालू।
सीवर लाइनें जाम हैं। कोई सुनता नहीं। पैदल निकलने वालों के लिए रास्ता ही नहीं बचा।
-रामलाल।
नगर निगम में अधिकारियों के पास और स्थानीय शिकायत केंद्रों पर कई बार शिकायत कर आए हैं। कोई सुनवाई नहीं।
-कुलभूषण।
यह बेहद हैरानी की बात है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइनें जाम पड़ी हैं और नगर निगम अधिकारी आंखों पर पट्टी बांध कर जनता को उनके हाल पर छोड़े हुए हैं। मोटा वेतन लेने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
-डा.हेमराज ढींगड़ा, पूर्व पार्षद।
मुजेसर डिस्पोजल की कई माेटरें लंबे समय तक खराब रहीं। मैंने कई बार नगर निगम अधिकारियों को हालात से अवगत कराया है। अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सीवर लाइनों की नियमित रूप से सफाई कराई जानी चाहिए। एसडीओ और जेई इस मामले में सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं।
-मनोज नासवा, निवर्तमान पार्षद।
कार्यालय में आने वाली शिकायत को वार्ड के कनिष्ठ अभियंता तक पहुंचाया जाता है। सीवर जाम संबंधी जो भी शिकायतें आती हैं, समाधान करा दिया जाता है। कई बार वर्षा के दौरान समाधान में थोड़ी देरी हो जाती है।
-ओमबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम
NEWS SOURCE : jagran
