
हरियाणा के हिसार जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट का गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। फोगाट 42 वर्ष की थीं। वह अपने कुछ कर्मचारियों के साथ गोवा के दौरे पर थीं। कभी ‘टिकटॉक’ एप पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट रिएलटी शो ‘बिग बॉस’ में भी नजर आईं थीं। बेचैनी होने की शिकायत के बाद सोमवार की रात उन्हें उत्तरी गोवा जिले के अंजुना स्थित सेंट एंथनी अस्पताल ले जाया गया था।
वहीं दूसरी तरफ, सोनाली फोगाट की बहन का कहना है कि उनकी मौत एक साजिश है। सोनाली की बहन ने बताया कि एक दिन पहले ही उनकी बात हुई थी। इस दौरान सोनाली फोगाट ने कहा था कि वे ठीक हैं, शूटिंग के लिए जा रही हैं और 27 तारीख को वापिस लौट कर आएंगी। उन्होंने कहा कि फिर सोमवार सुबह जब मां से बात हुई तो उन्होंने बताया कि खाना खाने के बाद उनके शरीर में कुछ हरकत सी हो रही है और ऐसा लग रहा है कि खाने में कुछ गड़बड़ की गई है, शायद कोई साजिश रच रहा है।
उधर, गोवा के पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह ने बताया कि अंजुना के ‘कर्लीज़’ रेस्तरां में फोगाट ने बेचैनी होने की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि मामले में किसी तरह की साजिश का कोई संदेह नहीं है। सिंह ने कहा कि उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की उचित वजह पता चल पाएगी। पुलिस उपाधीक्षक (मापुसा) जीवबा दलवी ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया पता चला है कि मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना है, लेकिन अन्य चिकित्सकीय जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बंबोलिम के सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेजा गया है। सिंह ने बताया कि जीएमसीएच के फॉरेंसिक विशेषज्ञ पोस्टमार्टम करेंगे। भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख ओ.पी. धनखड़ ने कहा कि उनका निधन हो गया है। मुझे बताया गया है कि वह गोवा में थीं।
भाजपा के हिसार जिले के अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ने कहा कि सोनाली जी गोवा में थीं। मैंने उनके सहायक से बात की है और उन्होंने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है।” ‘टिकटॉक’ एप पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट ने 2019 में कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गई थीं। बिश्नोई तब कांग्रेस में थे। हाल ही में वह भाजपा में शामिल हो गए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। बिश्नोई ने कुछ दिन पहले ही फोगाट से हिसार में मुलाकात की थी। फोगाट सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उन्होंने बिश्नोई के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की थीं। फोगाट ने कुछ दिन पहले हिसार में जन्माष्टमी के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था। उनके पति का कुछ साल पहले निधन हो गया था।
NEWS SOURCE : punjabkesari
