
भाजपा ने रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाकर अपनी संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया। पंच परमेश्वर सम्मेलन के बहाने विरोधी पार्टियों को यह संदेश देने की कोशिश हुई कि समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इनके सहारे पार्टी नगर निगम व अन्य चुनावों में जीत हासिल करेगी। शक्ति प्रदर्शन के साथ ही पार्टी नेतृत्व ने यह तय कर दिया है कि निगम चुनाव में दिल्ली सरकार का शराब घोटाला व भ्रष्टाचार के अन्य आरोप ही चुनावी मुद्दें होंगे। इसे लेकर दिल्ली सरकार व आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ पार्टी आक्रामक होकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू
वर्ष 2017 में भी भाजपा ने रामलीला मैदान में पंच परमेश्वर सम्मेलन कर नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू की थी। बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के सहारे पार्टी ने तीसरी बार निगम की सत्ता हासिल की थी। इस बार भी पार्टी पंच परमेेश्वर सम्मेलन के साथ चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का जोश देखर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य नेता उत्साहित थे। वर्षों बाद पार्टी रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं की इतनी भीड़ जुटाने में सफल हुई है।
निगम की उपलब्धियों का पत्रक हुआ जारी
सम्मेलन में नगर निगम की उपलब्धियों पर पत्रक जारी किया गया, लेकिन नड्डा सहित अन्य नेताओं के भाषण से यह संकेत मिलता है कि दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने नई आबकारी नीति में भ्रष्टाचार, स्कूलों में कमरे बनाने और जल बोर्ड में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। बसें खरीदने के टेंडर में गड़बड़ी सहित अन्य अनियमितता के आरोप लगाकर आप सरकार को कटघरे में ख़ड़ा किया। नड्डा ने कहा भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए कार्यकर्ता संकल्प लें। घर-घर जाकर लोगों को शराब घोटाले के बारे में बताएं। विभिन्न विभागों में घोटालों की जानकारी लोगों को दें। साथ ही अस्पतालों और स्कूलों की बदहाली भी जनता को बताने का आह्वान किया।
नई आबकारी नीति का हो रहा विरोध
पार्टी नई आबकारी नीति का पिछले लगभग दो वर्षों से विरोध कर रही है। इस नीति के विरोध में भाजपा द्वारा दिल्ली में चक्का जाम, जगह-जगह धरना-प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। भाजपा नेताओं का दावा है कि उसके आंदोलन की वजह से सीबीआइ जांच शुरू हुई और सरकार को इस नीति को वापस लेना पड़ा है। इस मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित 13 लोगों के खिलाफ सीबीआइ ने मामला दर्ज किया है। कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। भाजपा सिसोदिया को मंत्री पद से हटाने के लिए प्रदर्शन कर रही है। आने वाले दिनों में इसे लेकर पार्टी और आक्रामक होगी।
NEWS SOURCE : jagran
