
अब व्यावसायिक वाहनों के पीछे शायरी लिखना महंगा पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों का चालान करेगी। ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि वाहन के पीछे शायरी लिखे होने से पढ़ने के चक्कर में अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटक जाता है। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लिहाजा ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हरियाणा के फरीदाबाद जिले में 50 हजार से अधिक व्यावसायिक वाहन हैं। इनमें अधिकांश ट्रक या डंपर हैं। देखने में आया है कि इनके आगे और पीछे शायरी लिखी रहती है, जबकि परिवहन विभाग के निर्देश है कि वाहन स्वामी और चालक ऐसा नहीं लिख सकते। लिहाजा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस बाबत वाहनों के खिलाफ चालान काटे जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन के आगे-पीछे यातायात संबंधित जानकारी, जैसे ओवर टेक न करें, ओवर टेकिंग से पहले हार्न बजाएं। मुड़ने से पहले इंडिकेटर दें, डीपर दें आदि बात ही लिख सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि देखा जा रहा है कि शायरी के अलावा कई मजाकिया बातें लिखी होती है। यह भी गलत है। ट्रैफिक पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दपर्ण ने कहा कि व्यवसायिक वाहनों पर लिखी शेरो-शायरी पर भी कार्रवाई की जाएगी। वाहनों पर आगे-पीछे शेरो-शायरी नहीं लिखने की अपील भी की जाएगी।
NEWS SOURCE : livehindustan
