
ओला इलेक्ट्रिक ताबड़तोड़ तरीके से इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की मैन्युफैक्चरिंग कर रही है। कंपनी का लक्ष्य है कि वह अपने ग्राहकों को इलेक्ट्रिक स्कूटर बुकिंग के दो से तीन दिन में पहुंचाना शुरू कर दे। कंपनी के सीईओ भाविश अग्रवाल ने ट्विटर पर इस बात की घोषणा की है। इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी ओला के सीईओ ने कहा कि हम पूरे भारत में ग्राहकों को उसी दिन या दो-तीन दिनों के भीतर ही स्कूटर डिलीवर करने का प्लान तैयार कर रहे हैं। ग्राहक ऑनलाइन और टेस्ट राइड के दौरान भी ऑर्डर कर सकते हैं।
ओला ने बनाया ये रिकॉर्ड
आपको बता दें कि हाल ही में कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की एक लाख यूनिट्स को रोल आउट करने वाली सबसे तेज ईवी निर्माताओं में से एक बन गई है। 1,00,000वीं यूनिट्स तमिलनाडु में स्थित कंपनी के Future Factory से शुरू की गई थी। ओला इलेक्ट्रिक वर्तमान में भारत में सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, जिसकी लगभग 20,000 यूनिट्स अकेले अक्टूबर में बेची गई हैं।
2021 में आया पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर
ओला इलेक्ट्रिक ने अगस्त 2021 में अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया था। EV निर्माता ने पिछले साल दिसंबर से S1 और S1 Pro स्कूटर को रोल आउट करना शुरू किया था। ओला वर्तमान में S1 इलेक्ट्रिक स्कूटर को 99,999 रुपये की कीमत पर और S1 Pro को 1,39,999 रुपये में पेश करता है। कंपनी ने हाल ही में 84,999 रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर मॉडल S1 Air लॉन्च किया है। यह इलेक्ट्रिक स्कूटर ज्यादा किफायती है।
फरवरी में खुलेगा बुकिंग विंडो
इस साल जनवरी से अब तक लगभग 70,000 यूनिट्स की बिक्री के साथ ओला इलेक्ट्रिक 2022 में एक लाख बिक्री करने का लक्ष्य रख सकती है। अगर वह ऐसा करने में सफल हो जाती है, तो ओला एक कैलेंडर में सिक्स-फिगर सेल्स लैंडमार्क को हिट करने वाली भारत की पहली ईवी निर्माता बन जाएगी। अगले साल फरवरी में बुकिंग विंडो खुलने पर ग्राहक ओला S1 Air को 999 रुपये में बुक कर सकते हैं, जिसकी डिलीवरी अप्रैल से शुरू होने की उम्मीद है।
NEWS SOURCE : livehindustan
