
कैथल: हरियाणा के कैथल में गुरू-शिष्य का रिश्ता तार-तार होता नजर आया, जहां एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य पर 11वीं कक्षा की नाबालिगा से साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। छात्रा ने खुद परिजनों को बताया कि प्रधानाचार्य उसके साथ पिछले दो महीने से अश्लील हरकत कर रहा है। पहले तो डर के कारण छात्रा ने घर में कुछ नहीं बताया। छात्रा को उदास देखकर उसकी माता ने कारण पूछा तो इस मामले का खुलासा हुआ। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ पोक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां के पूछने पर छात्रा ने बताई आपबीती
पुलिस को शिकायत देकर अनुसूचित जाति की एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी कैथल के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। पिछले चार-पांच दिन से वह उदास थी और स्कूल नहीं जा रही थी। बार-बार स्कूल जाने से कतराने पर जब युवती की मां ने उससे वजह पूछी तो बेटी ने रोते हुए अपनी मां को उसके साथ हुई दरिंदगी की सारी सच्चाई बयां कर दी। छात्रा ने बताया कि स्कूल का प्रधानाचार्य पिछले करीब दो माह से उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा है। कई बार मना करने पर भी आरोपी प्रिंसिपल अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।
पॉक्सो एक्ट के साथ जोड़ी गई एससी-एसटी एक्ट की धारा
डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि कैथल के स्वामी विवेकानंद स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल पर युवती के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। पीड़िता अनुसूचित जाति से होने के कारण मामले में पॉक्सो एक्ट के साथ ही एससी-एसटी एक्ट की धाराओं को भी जोड़ा गया है। फिलहाल पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।
NEWS SOURCE : punjabkesari
