
पुपरी। इंसानियत भूलाकर व कानून का मखौल उड़ाते हुए पुपरी के एक गांव में जेल से छूटते ही दो आरोपितों ने पुन: नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया है। दोनों आरोपित पूर्व में पीड़िता के साथ दुष्कर्म कर आपत्तिजनक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल करने के मामले में जेल गये थे। पुन: दुष्कर्म के प्रयास की घटना से पीड़ित व उसके परिजनों में भय का माहौल है। मामले में पीड़ित ने दोनों आरोपित के विरुद्ध पुपरी थाने में एफआईआर कराई है। इसमें भिरा गांव के लक्ष्मी मंडल के पुत्र मुन्ना मंडल व राम प्रताप राय के पुत्र जानकी कुमार को नामजद किया है। आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि 13 नवंबर की देर शाम उसकी मां घर से बाहर थी।
उसी समय मुन्ना मंडल व जानकी कुमार घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगे। साथ ही पूर्व के केस को सुलह नहीं करने पर परिवार को बर्बाद कर देने की धमकी दी। लड़की के चिल्लाने पर उसकी मां व अन्य लोग दौड़ पड़े। लोगों को देख दोनों वहां से भाग गए। पीड़िता ने बताया है कि इससे पूर्व भी 08 अप्रैल 2021 को उसके साथ उक्त दोनों आरोपी ने दुष्कर्म किया था। साथ ही आपत्तिजनक तस्वीर वायरल कर दी थी। मामले में पुपरी थाना में एफआईआर के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया । कोर्ट से जमानत पर निकलने के बाद मुन्ना मंडल व जानकी कुमार ने दुष्कर्म का प्रयास किया है।
NEWS SOURCE : livehindustan
