
बहादुरगढ़: शहर में नाहरा नाहरी रोड पर स्थित दो दुकानदारों से केवाईसी अपडेट करने के नाम पर करीब 60 हजार रुपये उनके खातों से उड़ाने का मामला प्रकाश में आया है। पेटीएम एजेंट बनकर आए दो युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। दुकानदारों की शिकायत पर साइबर सेल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर एक आडियो क्लिप भी जारी की है जिसमें बताया गया है कि कुछ युवा ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में केवाईसी अपडेट करने के नाम पर ठगी करते घूम रहे हैं। ऐसे युवाओं से सावधान रहने की अपील की गई है और अगर कोई संदिग्ध युवा दिखे तो उन्हें पुलिस को पकड़वाने का भी आह्वान किया गया है।
नई बस्ती के रहने वाले दुकानदार दीपांशु ने बताया कि उसकी नाहरा नाहरी रोड पर बालाजी नमकीन के नाम से बेकरी की दुकान है। गत 29 अक्टूबर को करीब पौने चार बजे 25-30 साल उम्र के दो लड़के पेटीएम एजेंट बनकर उसकी दुकान पर आए थे। उन्होंने पेटीएम की ड्रेस भी पहन रखी थी। लड़कों ने बताया कि दुकान पर लगे पेटीएम साउंड बाक्स की साउंड के नाम पर कट रहे पैसों से बचने के लिए हम आपका केवाईसी अपडेट करेंगे। इसके लिए उन्होंने उसका फोन ले लिया और कुछ करके कुछ ही देर में वापस उसे दे दिया और कहा कि उन्होंने आपकी केवाईसी अपडेट कर दी है। अब आपके पैसे नहीं कटेंगे।
अगले दिन 30 अक्टूबर 2022 को पेटीएम पोस्टपेड अकाउंट से 29250 रुपये अपने आप कट गए। चेक किया तो यह किसी एकता इलेक्ट्रानिक्स के नाम एकता गुप्ता के खाते में जाने पाए गए। इस घटना के बारे में आसपास पता किया तो पास की ही करियाने की दुकान पर अजय जिंदल के पोस्टपेड अकाउंट से भी इसी तरह केवाईसी अपडेट करने के पर 30 हजार रुपये उन्हीं लोगों द्वारा निकालने पाए गए। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर थाने में दी। दुकानदारों ने कहा कि अगर वह दोनों युवक उनके सामने आ जाते हैं तो वह तुरंत पहचान लेंगे। दुकानदारों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । अब तक आरोपितों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
NEWS SOURCE : jagran
