
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर फरीदाबाद में टाटा नमक की नकली पैकिंग बेचने वाली एक कंपनी में छापेमारी की। मौके से 245 क्विंटल नमक बरामद हुआ था। टाटा नमकी की एक-एक किलो की पैंकिग से भरे हुए 91 कट्टे भी टीम ने बरामद किए हैं। इस सम्बंध में फैक्ट्री के मालिक कपिल मित्तल के खिलाफ डबुआ थाना में मामला दर्ज किया गया है।
टाटा नमक की पैकिंग कर मुनाफा कमाने का हुआ भंडाफोड़
जानकारी के सीएम फ्लाइंग टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में राधा स्वामी सत्संग आश्रम के नजदीक प्लाट नम्बर 191 के सामने बनाए गए शेड में टाटा नमक की नकली पैकिंग की जा रही है। इस नमक को असल के तौर पर स्थानीय बाजार में बेचकर ज्यादा मुनाफा कमाए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी व स्थानीय पुलिस के साथ सीएम फ्लाइंग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। गाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया के 191 नंबर प्लाट के सामने बनाए गए शेड के बाहर कोई बोर्ड लगा हुआ नहीं मिला। इस सेड के अंदर जाने पर टीम को नमक के खुले व पैकिंग किए हुए कट्टे मिले। मौके पर काम कर रहे मजदूरों ने पूछताछ में बताया कि यहां बल्लभगढ़ के रहने वाले कपिल मित्तल द्वारा केके ट्रेडर्स नाम से एक फर्म चलाई जा रही है, जहां टाटा नमक की पैकिंग की जाती है।
नमक की पैकिंग के लिए लगाई मशीन, फेना सर्फ की पैकिंग भी बरामद
फैक्ट्री के अंदर की गई छापेमारी में टीम को अलग-अलग कट्टों में करीब 245 क्विंटल नमक रखा हुआ मिला। मौके पर टाटा नमक की एक-एक किलो की थैलियों से भरे हुए 91 कट्टे भी बरामद हुए। नमक की पैकिंग करने के लिए फैक्ट्री में बाकायदा 3 मशीनें भी लगाई हुई मिली। नमक के पैकेट पर लगे बैच नंबर से मिलान करने पर पता करनाल का पाया गया, लेकिन पैकिंग यहां पर की जा रही थी। यही नहीं मौके पर टाटा नमक व फेना सर्फ की पैकिंग के रोल भी रखे हुए मिले। फिलहाल पुलिस ने फर्म के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : punjabkesari
