
मेरठ: घर से पढ़ने के लिए निकली छात्राएं युवकों के साथ होटल के कमरों में मिली। संचालक ने ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में छात्र-छात्राओं से आइडी लिए बिना कमरा किराए पर दिया था। एएचटीयू टीम ने थाना पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की, पुलिस ने मौके से दो युगल, होटल संचालक और उसके एक कर्मचारी को पकड़ लिया।
लालकुर्ती स्थित छोटे बाजार में है ज्योति पैलेस होटल
सदर बाजार थाना क्षेत्र के केले वाली कोठी निवासी उषाकांत आसीवाल का लालकुर्ती स्थित छोटे बाजार में ज्योति पैलेस नाम से होटल है। उषाकांत ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में छात्र-छात्राओं की आइडी लिए बिना कमरा किराए पर देते थे। मंगलवार सुबह एएचटीयू प्रभारी महावीर सिंह ने बीआइ लाइन चौकी इंचार्ज बृजेश सिंह के साथ मिलकर होटल में छापेमारी की, टीम को देखकर होटल में हड़कंप मच गया। होटल के कमरों में दो युवक-युवती थे। उन्होंने आइडी जमा किए बिना कमरा ले रखा था। उनमें से एक युवक व युवती ने शहर के प्रतिष्ठित कालेज की ड्रेस पहनी थी। पुलिस टीम उषाकांत उसके कर्मचारी नंदन और दो युवती व युवक को थाने लेकर आ गए।
नहीं थी होटल में युवक-युवतियों की एंट्री
सीओ कैंट रुपाली राय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान होटल रजिस्टर चेक किए गए, लेकिन होटल में मौजूद युवक-युवती की कोई एंट्री नहीं थी। युवक-युवती बालिग हैं, जिन्हें चेतावनी देकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। होटल संचालक के खिलाफ सराय एक्ट में कार्रवाई की जा रही है। देह व्यापार जैसा कोई मामला नहीं मिला।
ज्यादा पैसे लेकर एक आइडी पर दिया जाता है कमरा
शहर के अधिकतर होटल में एक आईडी पर कमरा दे दिया जाता है, जबकि नियमानुसार रुकने वाले दोनों व्यक्ति की आइडी होनी जरूरी होती है। लेकिन बदनामी के डर से छात्राएं आइडी नहीं देती है। इसी का फायदा उठाकर होटल संचालक मनमाने पैसे वसूलते हैं। पुलिस का कहना है कि कैंट सर्किल के सभी होटलों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
NEWS SOURCE : jagran
