
अंबाला : गब्बर के नाम से मशहूर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज आज एक बार फिर अपने काम में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त नजर आए। अंबाला में आयोजित जनता दरबार में विज ने कैथल एसपी को फोन पर जमकर फटकार लगाई। विदेश भेजने के नाम पर महिला के साथ हुई ठगी के मामले में उन्होंने कैथल के पुलिस अधीक्षक को फोन पर कहा कि अगर इस मामले में आज रात तक कार्रवाई नहीं होगी तो वे वहीं पहुंच जाएंगे। विज ने कहा कि मामले में कार्रवाई होने की खबर आने के बाद ही वे सोने के लिए जाएंगे।
कैथल की महिला ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी की शिकायत की
अंबाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनता दरबार में प्रदेशभर से सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद विज एक्शन में दिखे और अधिकारियों से जनता को परेशान न करने की बात कही। इस दौरान मंत्री विज ने कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को फोन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कैथल से पहुंची एक महिला ने विज को बताया कि एक आरोपी ने विदेश भेजने के नाम पर उसके 25 लाख रुपए हड़प लिए। इस मामले की शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। यह सुनते ही गृह मंत्री ने कैथल के एसपी को फोन मिलाकर कार्रवाई न होने का कारण पूछा। यही नहीं इस दौरान विज ने एसपी से कहा कि अगर रात तक एक्शन नहीं हुआ तो वे गाड़ी लेकर कैथल पहुंच ही जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे आज आरोपी की गिरफ्तारी होने के बाद ही सोएंगे।
झज्जर एसपी को भी फोन कर लगाई फटकार
अनिल विज के गुस्से का शिकार कैथल के एसपी ही नहीं हुए बल्कि उन्होंने झज्जर जिले के पुलिस अधीक्षक को भी फोन कर फटकार लगाई। दरअसल जनता दरबार में पहुंची झज्जर की एक महिला ने बताया कि इसी साल अप्रैल माह में उसके साथ छेड़छाड़ हुई थी। उसने इस मामले में पुलिस को शिकायत भी दी थी। करीब 8 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई एक्शन नहीं लिया गया है। इसके बाद विज ने झज्जर एसपी को फोन लगाकर फटकार लगाई। उन्होंने इस मामले में लापरवाही करने वाले जांच अधिकारी को निलंबित करने के आदेश सुनाने के साथ ही तुरंत कार्रवाई करने के आदेश सुनाए।
NEWS SOURCE : punjabkesari
